दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के हवलदार ने गोली मारकर की खुदकुशी, मिला सुसाइड नोट

नई दिल्ली। शकरपुर थाने की कार पार्किंग में क्राइम ब्रांच के एक हवलदार ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान नरेंद्र के रूप में की गई है। वह 2010 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था। सुबह के समय उसने सरकारी पिस्तौल इशू कराई और इसके बाद पार्किंग में जाकर कार के भीतर खुदकुशी कर ली। पुलिस को उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसे लेकर छानबीन की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर के समय शकरपुर थाने की पार्किंग में अचानक गोली चलने की आवाज आई। पुलिसकर्मी जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि वहां क्राइम ब्रांच में तैनात एक पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मार ली है।तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम नरेंद्र सिंह बताया गया है। उसने अपनी सरकारी पिस्तौल से खुद को गोली मारकर खुदकुशी की है। यह पिस्तौल सुबह ही उसने क्राइम ब्रांच के दफ्तर से इशू कराई थी।पुलिस को जांच में पता चला है कि वह 2010 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें उसने पारिवारिक कलह के चलते खुदकुशी करने की बात लिखी है। फिलहाल पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।उसके परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। शकरपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button