गाजियाबाद में बाढ़ का खतरा! टीवी ऑन रखें, आधार साथ रखें और दवाई जेब में रखें, डीएम की एडवाइजरी

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। पहाड़ों पर हो रही लगातार भारी बारिश और मैदानी इलाकों में मानसून के बढ़े प्रभाव के कारण नदियां उफान पर है। जलग्रहण क्षेत्र में पानी भरा हुआ है। डैम और बैराजों में पानी खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। इसको लेकर हथिनीकुंड बैराज, सहारनपुर से 3,21,653 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस कारण गाजियाबाद में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई गई है। इससे शहर और यमुना के डूब क्षेत्रों में भारी जलजमाव की आशंका है। यमुना नदी से सटे इलाकों में बाढ़ का असर दिख सकता है। इसको देखते हुए डीएम गाजियाबाद की ओर से लोगों को सतर्क और सावधान रहने की एडवाइजरी जारी की गई है।
गाजियाबाद डीएम रविंद्र कुमार मंदर की ओर से बाढ़ के दौरान लोगों को सावधान रहने को कहा गया है। साथ ही, पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम की ओर से जारी निर्देशों के तहत उन्हें रेडियो, टेलीविजन, सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जानकारी हासिल करते रहने को कहा गया है। गाजियाबाद जिला प्रशासन की ओर से यमुना के जलस्तर में भारी वृद्धि होने की स्थिति में बाढ़ की सूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाना होगा।डीएम ने लोगों से अपील की है कि वह ऊंचे स्थानों को पहले से चिन्हित कर लें। आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री जैसे बिस्किट, लाई, भुना चना आदि एकत्र कर लें। जरूरी कागजात जैसे राशन कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड आदि को वाटरप्रूफ बैग में रखें। क्लोरीन, ओआरएस और आवश्यक दवाइयां प्राथमिक उपचार किट में रखें।
डीएम ने कहा है कि सूखे अनाज और मवेशियों के लिए चारे को किसी ऊंचे स्थान पर सुरक्षित रख दें। बाढ़ की चेतावनी मिलते ही गर्भवती महिलाओं बच्चों, वृद्धि, दिव्यांगजन और बीमार व्यक्तियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। किसी भी प्रकार के चिकित्सा सहायता के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया है।
डीएम में लोगों से अपील की है कि वह टोल फ्री नंबर 108 और 102 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। बाढ़ को देखते हुए जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका नंबर 0120-2989032, 2986150 और टोल फ्री नंबर-1077 जारी किया गया है। बाढ़ के दौरान लोग इस पर संपर्क कर सकते हैं। डीएम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी सौरभ भट्ट की ओर से इस संबंध में सूचना जारी की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button