धार में लोकायुक्त ने महिला पटवारी को रिश्वत लेते हुए दबोचा
पट्टा के बदले मांग रही थी एक लाख रुपए की रिश्वत

धार/मध्य प्रदेश। इंदौर लोकायुक्त ने धार में बड़ी कार्रवाई की है। महिला पटवारी भारती राजपूत को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है। महिला पटवारी जमीन का पट्ट जल्दी देने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रही थी। मामले में सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की है। अब आगे की जांच जारी है। दरअसल, सरदारपुर तहसील के कुमारिया खेडी गांव के लक्ष्मण कुमावत ने पटवारी के पास आवेदन दिया था। आवेदक ने गांद में जिस जमीन पर मकान बनवाया है, उसके पीछे जमीन है। उस जमीन पर आवेदक का कब्जा है। उसका पट्टा आवेदक के नाम पर होने वाला था। उस पट्टा को आवेदक के नाम पर जल्दी करवाने के लिए महिला पटवारी ने रिश्वत की मांग की।
महिला पटवारी भारती राजपूत ने लक्ष्मण कुमावत से एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। बिना रिश्वत के वह काम नहीं कर रही थी। आवेदक ने काम के सिलसिले में कई बार मुलाकात की। इसके बावजूद महिला पटवारी रिश्वत की मांग करती रही है।
आवेदन के इसके बाद इंदौर लोकायुक्त से शिकायत की। लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय ने मामले की जांच करवाई। जांच के दौरान मामला सही पाया गया था। इसके बाद पटवारी को 13 मार्च 2026 को रंगे हाथों पकड़ने के लिए ट्रैप दल का गठन किया गया।
इसके बाद आवेदक ने पटवारी से मुलाकात कर रिश्वत की पहली किस्त देने को तैयार हुआ। प्लान के हिसाब से लोकायुक्त की टीम के साथ वह महिला पटवारी को रिश्वत देने गया। 5000 रुपए की रिश्वत राशि महिला पटवारी भारती राजपूत ने जैसे ही लिया इंदौर लोकायुक्त की टीम ने दबोच लिया है। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के अंतर्गत कार्यवाही जारी है।




