मध्य प्रदेश के शहडोल में बूचड़खाना पहुंचने से पहले ही पुलिस ने जब्त किया मवेशियों से भरा ट्रक, ड्राइवर फरार

शहडोल/मध्य प्रदेश। शहडोल जिले में मवेशियों की तस्करी कर रहे एक ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इन मवेशियों को बूचड़खाना ले जाया जा रहा था। इसके पहले ही पुलिस ने मवेशियों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कर लिया।
यातायात डीएसपी मुकेश दीक्षित रात्रि पेट्रोलिंग में थे। तभी मेडिकल कॉलेज तिराहे के पास उन्हें बुढार से सतना की ओर जा रहा एक ट्रक दिखाई दिया। इसमें मवेशी भरे थे। डीएसपी ने अपनी टीम के साथ उस वाहन को रोकने का प्रयास किया लेकिन वाहन चालक और तेज रफ्तार से वाहन को लेकर भागने लगा। डीएसपी ने सोहागपुर थाने की पुलिस को वायरलेस में सूचित कर सड़क पर नाकेबंदी लगाने की बात कही। इसके बाद सोहागपुर पुलिस एक्शन में आ गई और थाने के सामने पुलिस के द्वारा नाकेबंदी लगा दी गई। पीछे-पीछे यातयात डीएसपी अपने वाहन से मवेशियों से भरे ट्रक का पीछा कर रहे थे। आगे नाकाबंदी थी।
इस वजह से चालक थाने के कुछ कदम पहले ही ट्रक को छोड़कर वहां से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार ट्रक में 29 मवेशी मिले। इसमें एक की मौत हो गई है। क्रूरतापूर्वक ट्रक में मवेशियों को लोड कर बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान डीएसपी यातायात को यह ट्रक क्रमांक एमपी-19-HA-0092 दिखाई दिया, जिसे सोहागपुर पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्यवाही कर जब्त कर लिया है। ट्रक चालक व मालिक के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button