फतेहपुर में बिंदकी शहीद स्मारक में बुर्का पहनकर महिलाओं से कर रहा था छेड़खानी, पुलिस ने फैजान को किया गिरफ्तार

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले से एक चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के शहीद स्मारक बावनी इमली पार्क में एक युवक बुर्का और हिजाब पहनकर महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी करता पकड़ा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्थानीय लोग बुर्काधारी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले करते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले को लेकर हलचल बढ़ गई। इस प्रकार के मामले में पुलिस पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की जा रही है।
वायरल वीडियो में भी आरोपी युवक की शर्मनाक हरकत सामने आई है। एनबीटी ऑनलाइन इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। लोगों का दावा है कि फैजान नामक युवक हिजाब पहनकर लड़कियों-महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहा था। वह महिलाओं को देख अश्लील इशारें कर रहा था। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आरोपी को दौड़कर पकड़ा। वायरल वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी युवक बुर्का और हिजाब पहनकर महिलाओं के बीच घुलमिल जाता था और पार्क में आने-जाने वाली महिलाओं के साथ अश्लील इशारे व हरकतें करता था। उसकी गतिविधियों पर लोगों को शक हुआ तो कुछ युवकों ने उसका पीछा किया और मौके पर ही उसे पकड़ लिया। जब लोगों ने बुर्का हटाया, तो अंदर से युवक निकला। उसकी पहचान फैजान निवासी रामपुर के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। संगठन के जिला संयोजक धर्मेंद्र सिंह ने पूरे मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी फैजान को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और धार्मिक भावनाएं भड़काने के प्रयास से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
घटना के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक उत्तेजना या अफवाह फैलने से रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करने की अपील की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फैजान कुछ समय से बिंदकी में रह रहा था। पार्क एवं आसपास के इलाकों में महिलाओं को परेशान करता था।
फतेहपुर की बिंदकी पुलिस ने मामले में साफ किया है कि आरोपी फैजान को महिलाओं के खिलाफ फब्तियां कसने और अश्लील हरकत करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। किसी भी संगठन या व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बजरंग दल के जिला संयोजक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि यह युवक बहुसंख्यक समुदाय की महिलाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। समय रहते हमारे कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। हम मांग करते हैं कि इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने इस मामले को लव जिहाद जैसे मामले से जोड़ना शुरू किया। उन्होंने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button