फतेहपुर में दोस्त की मौत बर्दाश्त न सका हमजा, बस हादसे के बाद फंदा लगा दे दी जान
फतेहपुर में दर्दनाक सड़क हादसे से दो दोस्तों की मौत, परिवारों में कोहराम

खखरेरु थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने साइकिल सवार कक्षा दो के छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने चकिया गांव के पास रोड जाम कर दिया।
सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर कस्बे में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। तेज रफ्तार स्कूल बस ने साइकिल सवार छात्र और सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 13 वर्षीय छात्र आयुष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक शालू पुत्र विजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया।
मृतक के पिता शंकर लाल ने बताया कि उनका बेटा सुबह साइकिल से सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल जा रहा था। चकिया बैरी स्थित गुरु हेल्थ पॉली क्लिनिक के सामने छात्रों को लेकर जा रही बस (UP71AT 2365) ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद साइकिल बस में फंस गई और छात्र करीब 70 मीटर तक घसीटता चला गया। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल (UP71BL 8589) भी बस की चपेट में आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बहनें चेतना, अंजलि और आराधना सहित मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि तीन बहनों में आयुष इकलौता भाई था। ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी पर क्षेत्राधिकारी खागा दुर्गेशदीप दीप, परिवहन दरोगा कृष्ण चंद्र सिंह, एआरटीओ प्रतीक मिश्रा तथा तहसीलदार अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
इसी बीच कस्बे में एक और हृदयविदारक घटना सामने आई। कस्बा के वार्ड दो गांधी नगर में रहने वाले किराना दुकानदार शुतुबअली के 13 वर्षीय पुत्र हमजा मंसूरी ने बुधवार सुबह 10 बजे करीब घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। स्वजन को घटना पता चली तो उन्होंने फंदा काट कर बच्चे को अस्पताल में दिखाया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे के इस घातक कदम के बारे में मुहल्ले के लोग बताते हैं कि हमजा मंसूरी के जिगरी दोस्त आयुष की बुधवार सुबह बैरी गांव में बस से कुचल कर मृत्यु हो गई। कक्षा एक से लेकर आठवीं तक जिस दोस्त के साथ रहकर उसने पढ़ाई की। खेले-कूदे, साथ में घंटों का समय बिताया, अचानक उसका साथ छूट जाने से हमजा बेहद दुखी था। आयुष की मृत्यु के बारे में सुनकर वह बैरी घटना स्थल तक गया।
वहां से लौटने के बाद उसने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। दिवंगत हमजा मंसूरी, पांच बहन व दो भाई थे। दिवंगत भी सरस्वती ज्ञान मंदिर विद्यालय में कक्षा आठवीं का छात्र था। दोनों बच्चों की दोस्ती के बारे में बातें करके लोग भी अपने आंसूं नहीं रोक पा रहे हैं। दरवाजे पर भीड़ व पुलिस फोर्स एकत्र है।




