पुलिस से बचने के लिए स्कूल में घुसा बदमाश, गार्ड पर तानी पिस्टल; क्लास में बैठी लड़कियों में दहशत

नई दिल्ली। कृष्णा नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक स्कूल में बड़ी वारदात होते-होते टल गई। पुलिस लूट और झपटमारी की वारदात करने वाले दो बदमाशों को पीछा कर रही थी, पुलिस से बचने के लिए एक बदमाश दीवार फांदकर कन्या स्कूल में घुस गया। स्कूल में घुसते ही उसने गार्ड पर पिस्टल तान दी और किसी को कुछ भी बताने पर जान से हाथ धो बैठने की धमकी दी। हथियारबंद बदमाश को देखकर छात्राओं व स्कूल शिक्षकों के हाथ पांव फूल गए। जिला पुलिस उपायुक्त आर सत्यसुंदरम ने कहा कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे एसआइ गिरधारी सिंह, एएसआइ अमरीश कुमार, हेड कांस्टेबल अमित बसोया कृष्णा नगर में गश्त कर रहे थे। उसी दौरान टीम को बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक नजर आए, पुलिस ने उन्हें जांच के लिए रोका। पुलिसकर्मी उनकी मोटरसाइकिल की चाबी निकालकर पूछताछ कर रहे थे, तभी दोनों बदमाश भागने लगे।
पुलिसकर्मी उन्हें पकड़ने के लिए पीछे भागे तो एक बदमाश ने पिस्टल निकाल कर तान दी, इसके बाद दोनों बदमाश अलग-अलग दिशा में भागने लगे। एक बदमाश को पुलिस ने हैप्पी चौक के पास गिरफ्तार कर लिया, जबकि सउद नाम का दूसरा बदमाश भागता रहा। पुलिस से बचने के लिए वह राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय की दीवार फांदकर स्कूल में घुस गया और गार्ड ने उससे पूछताछ करने का प्रयास किया तो उसने पिस्टल दिखाकर गार्ड को धमकाने लगा। स्कूल में बदमाश के घुसने की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रजनीश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पीछा करते हुए पुलिस भी स्कूल में पहुंच गई, बदमाश स्कूल के बाहरी परिसर से होते हुए फिर से दीवार फांदकर स्कूल से बाहर गली में कूद गया। तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस को जांच में पता चला सउद पर लूट व झपटमारी के 15 और इस्माइल 26 आपराधिक केस पहले से दर्ज हैं। दोनों जमानत पर जेल से बाहर आए हुए हैं। उनका पांच लोगाें का गिरोह है, वह चोरी के वाहनों से लूट व झपटमारी की वारदात को अंजाम देते हैं। इनके बाकी साथी जेल में बंद हैं।
स्कूल में हथियारबंद बदमाश के घुसने से छात्राएं दहशत में आ गईं। उस वक्त छात्राएं कक्षा में बैठकर पढ़ाई कर रही थी। शिक्षकों ने सूझबूझ दिखाते हुए कक्षाओं के दरवाजे अंदर से बंद किए और किसी छात्रा को बाहर जाने नहीं दिया। बदमाश करीब तीन मिनट तक स्कूल परिसर में रहा, वह स्कूल में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी पिस्टल के साथ कैद हुआ। पुलिस को डर था कि बदमाश छात्राओं पर हमला न कर दें। स्कूल के शिक्षक ने बताया कि बदमाश किसी कक्षा में नहीं गया, वह स्कूल के मुख्य दरवाजे के पास की दीवार फांदकर स्कूल में घुसा और बाहरी परिसर से होते हुए स्कूल की पिछली दीवार फांदकर गली में कूद गया। एक बड़ी वारदात टल गई, सभी छात्राएं व शिक्षक सुरक्षित हैं। उधर बदमाश के स्कूल में घुसने की सूचना मिलते ही अभिभावक स्कूल में पहुंचे और स्कूल के अंदर जाकर हालात देखे, छात्राओं को सुरक्षित देखकर अभिभावकों की जान में जान आई।




