दिल्ली पुलिस ने 3 शातिर लुटेरों को दबोचा, गैंग का लीडर फरार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर में लूटपाट करने वाले एक शातिर गैंग के तीन बदमाशों को दबोचा है। यह बदमाश फिल्मी स्टाइल में हाई स्पीड बाइक से दिल्ली और एनसीआर में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। यह बदमाश ज्यादातर गोल्ड चेन और आईफोन लूटते थे। पुलिस के अनुसार, इन्होंने 15 दिनों के अंदर 26 वारदात को अंजाम दिया है। इनके पास से चोरी की बाइक भी बरामद की गई है, जिनमें एक R15 यामाहा बाइक भी शामिल है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अशरफ उर्फ गुल्लू तौफीक और इस्तकार के रूप में हुई है। वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए यह बदमाश चलती बाइक में ही कपड़े बदल लेते थे।
डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि अशरफ पहले ऑटो ड्राइवर था, इसके ऊपर 5 मामले चल रहे हैं। यह एक अप्रैल को ही जेल से बाहर आया था। इस्तकार भी ऑटो ड्राइवर था और इसके ऊपर चार मामले चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी से शकरपुर, मयूर विहार, लक्ष्मी नगर, पांडव नगर, विकासपुरी, हरी नगर, जनकपुरी, अशोक विहार, केशव पुरम, सुभाष प्लेस, पश्चिम विहार ईस्ट, जनकपुरी, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, सीआर पार्क, मुखर्जी नगर, मानसरोवर पार्क, इंदिरापुरम (गाजियाबाद) और नोएडा के कुछ थानों के मामलों का खुलासा हुआ है।
डीसीपी अमित गोयल बताते हैं कि इस शातिर गैंग के बारे में पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से पता लगाना शुरू किया और उसी के आधार पर छानबीन शुरू की गई। एसीपी अरविंद कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर केके शर्मा की टीम ने नंदनगरी में छापा मारा और एक-एक करके इनको गिरफ्तार किया। यह बदमाश धूम फिल्म से इंस्पायर हैं और हाई स्पीड बाइक चुरा करके लूट की वारदात को अंजाम देते हैं।इस गैंग का मास्टरमाइंड नजाकत अली उर्फ केटीएम है। नजाकत पहले से 40 मामलों में शामिल रहा है। दो बार यूपी में पुलिस के साथ मुठभेड़ भी हो चुकी है, लेकिन यह अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button