बुराड़ी थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया भंडाफोड़

कुल 20 चोरी की बाइक, 51 नंबर प्लेट, 10 चेसिस और बाइक के कई पार्ट्स किए बरामद

दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली में उत्तरी जिले की बुराड़ी थाना पुलिस की टीम ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार वाहन चोरों दबोचा है। पुलिस के अनुसार, हसन खान उर्फ साहनवाज, तीन नाबालिग और एक रिसीवर मोहम्मद फारूक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों की निशानदेही पर कुल 20 चोरी की गई। दोपहिया गाड़ियां, 51 नंबर प्लेट, दस चेसिस और बाइक के कई टूटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने कुल 58 वाहन चाेरी के मामलों के निपटारा करने का दावा किया है। उत्तरी जिले के उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, 25 नवंबर को बुराड़ी निवासी आनंद सिंह ने अपने घर के बाहर से रायल एनफील्ड मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पता चला कि क्षेत्र में उसी रात विभिन्न स्थानों से कुल तीन रायल एनफील्ड बाइक चोरी हुई थीं।
इस मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया गया, जिन्होंने सभी स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिसमें सभी वाहन चोरी में कुल छह व्यक्ति शामिल पाए गए और शिकायतकर्ता आनंद की मोटरसाइकिल चोरी करते समय सीसीटीवी फुटेज एक व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट रूप से कैद हो गया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार, 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के बाद, टीम भजनपुरा के खजूरी चौक पहुंची, जहां मुखबिरों की निशादेही पर एक की पहचान नाबालिग के रूप में हुई, जिसे इलाके से पकड़ लिया गया।
वहीं, पूछताछ में उसने बताया कि खजूरी खास में रहने वाले दो अन्य व्यक्ति उसे अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चुराने के लिए प्रति मोटरसाइकिल एक हजार रुपये देते थे। वह अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर उनके लिए काम करता था, जो आगे उन्हें मोहम्मद फारूक को बेच देते थे। उसने बताया कि 25 नवंबर की साहनवाज ने उसे और उसके नाबालिग दोस्तों को बुराड़ी ले गया और उन्होंने वहां तीन बुलेट मोटरसाइकिलों के ताले तोड़ उन बाइकों को लोनी गाजियाबाद ले गए और उन्हें मोहम्मद फारूक के गोदाम में सरस्वती विहार के 100 फुटा रोड में पार्क कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने सह-आरोपित हसन खान उर्फ शाहनवाज और दो नाबालिगों को भी पकड़ लिया गया।

गोदाम से मिले मोटरसाइकिल के कई पुर्जे
इसके बाद पुलिस टीम लोनी के सरस्वती विहार 100 फुटा रोड मोहम्मद फारूक के गोदाम पहुंची, जहां फारूक को भी पकड़ लिया गया। उसके गोदाम में करीब 11 मोटरसाइकिल और मोटरसाइकिल के कई पुर्जे मिले। उसने पूछताछ में बताया कि वह पिछले एक साल से चोरी के वाहनों का कारोबार कर रहा है। वह अपने गिरोह के अन्य सदस्यों से चोरी के वाहन खरीदता था, जो नाबालिग बच्चों से वाहन चोरी करवाते थे। उसने पिछले 05-06 महीनों में सहयोगियों से करीब 300-350 दोपहिया वाहन खरीदे थे।
हसन खान उर्फ शाहनवाज को रिमांड पर लिया गया
उसने बताया कि वह अपने गोदाम में बाइकों के पुर्जे निकालता था और फिर ग्राहकों को बेच देता था। पुलिस ने गोदाम में खड़ी मोटरसाइकिल और पुर्जे जब्त कर लिए। दोनों आरोपितों मोहम्मद फारूक और हसन खान उर्फ शाहनवाज को रिमांड पर लिया गया और उनकी निशानदेही पर नौ और दोपहिया वाहन बरामद किए गए। शेष सह-आरोपितों का पता लगाने और अधिक बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपित हसन खान ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत के कारण वह दोपहिया वाहन चुराता था। वह अपने दोस्तों के साथ मिलकर दिल्ली भर से दोपहिया वाहन चुराने के लिए नाबालिग बच्चों को काम पर रखता था। पुलिस के अनुसार, वे चोरी की गई गाड़ियों को पश्चिम बंगाल के स्थायी निवासी मोहम्मद फारूक को बेचते थे। वह लोनी के इंदिरापुरी में पेशे से आटो मैकेनिक है। शुरुआत में वह बाइक और स्कूटी की मरम्मत करता था। करीब एक साल पहले वह खजूरी खास के रहने वाले वाहन चोरों के संपर्क में आया और चोरी के वाहन खरीदने लगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button