फतेहपुर में हाईवे पर धू-धू कर जला कंटेनर, शार्ट सर्किट से लगी थी भीषण आग, तीन गाड़ियों ने पाया काबू

फतेहपुर,(उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में कानपुर से पेंट लादकर वाराणसी जा रहे एक कंटेनर के इंजन में शार्ट सर्किट से शुक्रवार सुबह आग लग गई। दमकल सूचना के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। आग भीषण होने पर कौशांबी फायर स्टेशन से दमकल बुलानी पड़ी। तीन दमकल वाहनों की मशक्कत से करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में करीब 12 लाख के आसपास पेंट और 13 लाख कीमत का ट्रक जला है। कुल 25 लाख के करीब क्षति होना बताया जा रहा है। वन-वे किए जाने से यातायात रेंगता रहा है।
कानपुर बिठूर थाना क्षेत्र के शिवनगर निवासी राहुल चौहान कंटेनर मालिक और चालक हैं। वह शुक्रवार को कानपुर से एक ब्रांडेड कंपनी का पेंट का भाड़ा लेकर वाराणसी जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे कंटेनर खागा कोतवाली क्षेत्र हाईवे पर कौशांबी सीमा के कनवार के नजदीक पहुंचा।
एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
कंटेनर के इंजन से धुआं उठने लगा। यह देखकर चालक ने ट्रक रोका। इंजन खोलकर धुआं खत्म करने की कोशिश की, तभी ट्रक धू-धू कर जलने लगा। उसने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद दमकल पहुंची। आग पूरे केबिन और कंटेनर तक फैल गई। पेंट के कार्टून भी गर्म होकर जलने लगे। दमकल एक की गाड़ी से आग नहीं बुझी। कौशांबी फायर स्टेशन सिराथू और मंझनपुर दो दमकल पहुंची। आग की लपटें इतनी भीषण थी कि लोग और दमकलकर्मी नजदीक नहीं जा पा रहे थे। करीब तीन घंटे बाद दमकल कर्मी आग पर काबू पा सके। इस तरह से दस बजे आग बुझाई जा सकी।
कंटेनर और पेंट जलकर बर्बाद
कंटेनर और पेंट जलकर पूरी तरह से नष्ट हो चुका था। हादसा देखकर राहगीरों की भीड़ लग गई। पुलिस ने मौके से भीड़ को हटाया। कोतवाल एके चतुर्वेदी ने बताया कि मौके पर किसी तरह की समस्या नहीं हुई है। आग लगने से कंटेनर और पेंट जलकर बर्बाद हुआ है।
वन-वे में रेंगते रहे वाहन
पेंट लदा कंटेनर कानपुर-वाराणसी जा रहा था। कंटेनर में आग लगने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने इस लेन को बंद करा दिया। यातायात वन-वे कर दिया। इससे वाहन एक लेन पर आने-जाने लगे। एक लेन पर वाहन धीरे-धीरे गुजरते दिखे। हाईवे पर जाम के हालात बने रहे।
12 किमी. दूरी तय करने में दमकल को एक घंटे लगा
कंटेनर के चालक राहुल चौहान ने बताया कि करीब सात बजे उसने दमकल विभाग को सूचना दी और मदद का इंतजार करता रहा। दमकल कुछ देर में आती, तो काफी नुकसान होने से बच जाता। खागा फायर स्टेशन से घटनास्थल की दूरी करीब 12 किलोमीटर है। यह दूरी तय करने में दमकल को एक घंटे का समय लगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button