सीएम योगी आदित्यनाथ बड़ी बहन कौशल्या से मिलने पहुंचे उत्तराखंड के कोटद्वार, परिवार के दुख में हुए शामिल

देहरादून/एजेंसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी बड़ी बहन से मिलने के लिए उत्तराखंड पहुंचे। जानकारी के मुताबिक हाल में सीएम योगी की बड़ी बहन कौशल्या देवी के पति ओम प्रकाश रावत का निधन हो गया था। सीएम योगी बहन के दुख में शामिल होने के लिए रविवार दोपहर वहां पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले कोटद्वार स्थित सिद्धबली मंदिर में बाबा की पूजा-अचर्ना कर आशीर्वाद लिया। यहां उनका स्वागत करने लैंसडौन के विधायक मंहत दिलीप रावत ने किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर अलीगढ़ से सीधे हेलीकॉप्टर के जरिए कोटद्वार हेलीपैड पर उतरे। यहां से कार के जरिए सिद्धबली बाबा मंदिर पहुंचे, जहां उनके पहुंचते ही जय श्रीराम के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। सिद्धबली में वार्षिक अनुष्ठान का आज अंतिम दिन है, जहां सीएम योगी ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद सीएम योगी कार से अपनी बड़ी बहन कौशल्या देवी के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री कार्यालय लखनऊ (योगी आदित्यनाथ) ने एक्स (पूर्व में ट्वीटर) पर उत्तराखंड दौरे से जुड़ा एक पोस्ट किया है। इसमें लिखा है कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज देवभूमि उत्तराखंड के कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल में सिद्धबली मंदिर में दर्शन-पूजन कर लोक मंगल की कामना की। बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को बंटवारे से पूर्व वाले उत्तर प्रदेश के पौड़ी गढ़वाला (अब उत्तराखंड) में हुआ था। इनके पिता आनंद विष्ट फॉरेस्टर रेंजर थे और मां का नाम सावित्री देवी है। जानकारी के मुबातिक सीएम योगी की तीन बड़ी बहनें, एक बड़े भाई और उनसे छोटे दो भाई हैं।




