दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा हुए सेवानिवृत्त, एसबीके सिंह को सौंपी गई कमान

Delhi Police Commissioner Sanjay Arora retires, command handed over to SBK Singh

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस के नए मुखिया के रूप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह ने पदभार संभाल लिया है। उनके पास होमगार्ड के महानिदेशक का भी पदभार रहेगा। केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से आईपीएस एसबीके सिंह को दिल्ली के पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
एसबीके सिंह बिहार के रहने वाले हैं। 1988 एजीएमयूटी बैच के आईपीएस अधिकारी वर्तमान में दिल्ली होम गार्ड्स के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं और वह अपनी व्यापक पुलिसिंग और आंतरिक सुरक्षा के अनुभव के लिए जाने जाते हैं। एसबीके सिंह ने 36 वर्षों से अधिक के शानदार करियर के साथ दिल्ली पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है और दो पूर्वोत्तर राज्यों – मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में पुलिस बल के प्रमुख के रूप में भी पदभार संभाला है। उन्होने अपनी पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज के से पूरी की है। 1986 में स्नातक की डिग्री हासिल करने के बाद वह भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए। बाद में उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए भी किया।
दिल्ली पुलिस में एसबीके सिंह ने दक्षिण के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और उत्तर-पूर्व तथा मध्य दोनों जिलों में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जैसे प्रमुख पदों पर कार्य किया है। बाद में सिंह ने आर्थिक अपराध शाखा का नेतृत्व किया और खुफिया, सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रौद्योगिकी एवं परियोजना कार्यान्वयन सहित विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) और विशेष पुलिस आयुक्त के रूप में कार्य किया।
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) के रूप में, सिंह ने पुलिस थानों में ‘जन सुविधा डेस्क’ की शुरुआत की और 89 पुलिस थानों वाले सात पुलिस जिलों में प्रमुख व्यवस्थाओं और जांचों की निगरानी की।
संजय अरोड़ा हुए रिटायर
बता दें कि दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा 31 जुलाई को रिटायर हो गए हैं। तमिलनाडु कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी संजय अरोड़ा ने एक अगस्त, 2022 को राकेश अस्थाना की जगह दिल्ली आयुक्त का पदभार संभाला था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button