यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को दी जान से मारने की धमकी
मुंबई पुलिस ने फातिमा खान को किया अरेस्ट

नेशनल डेस्क। मुंबई पुलिस ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी भरा संदेश भेजने के आरोप में एक युवती को गिरफ्तार किया है। युवती की पहचान फातिमा खान (24) के रूप में की गई है। वह अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में रहती है। उसने आईटी में बीएससी की है।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसके पिता का लकड़ी का कारोबार है। युवती शिक्षित है लेकिन मानसिक रूप से अस्थिर है। मुंबई यातायात पुलिस के व्हॉट्सऐप पर शनिवार को किसी अज्ञात नंबर से एक संदेश आया, जिसमें धमकी दी गई कि अगर आदित्यनाथ ने 10 दिन के भीतर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया तो उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी की तरह मार दिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि फातिमा ने यह संदेश भेजा था। मुंबई आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने उल्हासनगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में युवती का पता लगाया और उसे हिरासत में ले लिया। मामले की जांच जारी है। आदित्यनाथ राज्य विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए महाराष्ट्र आ सकते हैं और इस कारण पुलिस अलर्ट पर है। गौरतलब है कि मुंबई के बांद्रा इलाके में 12 अक्टूबर को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।




