कानपुर में बाथरूम में टब में डूबने से डेढ़ साल के मासूम की मौत
A one and a half year old innocent child died due to drowning in a bathroom tub in Kanpur

- कानपुर में डेढ़ साल के बच्चा खेलते-खेलते पहुंच गया बाथरूम
- पानी से भरे टब में लड़खड़ाकर गिरा, हो गई दर्दनाक मृत्यु
- बच्चे की मौत के बाद परिवार में मचा हड़कंप, मां पर लगा आरोप
कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर में डेढ़ साल के मासूम की मौत का मामला आया है। बच्चे की मौत घर के बाथरूम में रखे गए पानी के टब में डूबकर हो गई। इस मामले में सामने आया है कि बच्चे की मां की घर के काम कर रही थी। उसे बच्चे के बाथरूम में जाने की खबर ही नहीं हुई। बच्चा बाथरूम में पहुंच गया। वहां पानी से भरे टब में उतर गया। इसमें डूबकर उसकी जान चली गई। परिजनों ने जब बच्चे का शव देखा तो उनकी हालत खराब हो गई। इसके घटना के बाद एक बार फिर छोटे बच्चों को पालन में माता-पिता के अधिक सतर्क रहने पर बहस शुरू हो गई है। माता-पिता की जरा सी लापरवाही बच्चे की जान पर बन आती है।
यह दुखद घटना कानपुर के घाटमपुर इलाके की है। यहां रहने वाले गोविंद सिंह की पत्नी प्राची अपने मायके आई हुई थी। प्राची के साथ उसके साथ उसके दोनों बच्चे भी थे। प्राची की एक बेटी और दूसरा डेढ़ साल का मासूम बेटा सूर्यांश था। बुधवार को प्राची घर के कामों में व्यस्त थी। सूर्यांश उसके बगल से खेल रहा था। अचानक वह बॉथरूम में पहुंच गया।
प्राची कुछ देर पहले ही बाथरूम से नहा कर आई थी। टब में पानी भरा था। सूर्यांश इस पानी से खेलने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह पानी से भरे टब में गिर गया। टब से निकलने के लिए तड़पता रहा। वह पानी के टब में खड़ा होकर निकल नहीं पाया। मां घर के कामों में व्यस्त होने के कारण ध्यान नहीं दे सकी। वह बच नहीं सका।
परिवार के अन्य लोग घर के दूसरे कमरों में थे। सूर्यांश काफी देर तक कोई आवाज नहीं किया तो प्राची को उसका ख्याल आया। उसने खोजबीन शुरू की। परिवार के लोग भी बच्चे को ढूंढ़ने लगे। इसी बीच प्राची ने बाथरूम का दरवाजा खुला देखा तो वहां देखने गई। बाथरूम का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई।
पानी के टब में सूर्यांश उल्टा पड़ा हुआ था। प्राची को चीखता देख परिजन दौड़े। सूर्यांश को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने वहां उसे मृत घोषित कर दिया। पूरे घर में घटना के बाद कोहराम मच गया। सभी लोग उसकी मां को लापरवाह बताते हुए दोषी ठहराने लगे। बच्चे के डूबकर मौत मामले की जानकारी मिलते ही घाटमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने मना कर दिया। एसीपी रंजीत कुमार ने मामले में कहा कि बच्चे की मौत हुई थी। मामले की जानकार पर पुलिस गई थी। बच्चे की मौत पानी में खेलते हुए टब में गिर जाने से हुई है। घर वालों में पोस्टमार्टम करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि बहुत ही दुखद घटना है। घर वालों ने बॉडी को दफना दिया है।
छोटे बच्चों को लेकर ध्यान रखने की जरूरत है। दरअसल, कानपुर में पिछले दो सालों में इस प्रकार की तीन वारदातें हो चुकी हैं। हल्की सी लापरवाही बच्चे पानी में डूबकर मरे हैं। इससे पहले नजीराबाद में एक बच्चा पानी से भरी बाल्टी में डूबकर अपनी जान गंवाया था। इसके बाद सचेंडी में भी एक बच्चा पानी भरी बाल्टी में डूबा था। विशेषज्ञ छोटे बच्चों के लिए विशेष सतर्कता बरतने और हर समय ध्यान रखने की सलाह देते हैं।




