परेशान महिला को अफसर ने रोका तो डीएम गाजियाबाद ने लगाई जमकर फटकार

गाजियाबाद। अपने कड़क स्वभाव के कारण चर्चा में रहने वाले डीएम इंद्र विक्रम सिंह फिर चर्चा में हैं। सोमवार दोपहर को उन्‍हें उस समय गुस्सा आ गया जब वह अपने ऑफिस से निकलकर गाड़ी में बैठ रहे थे। इसी दौरान परेशान दिख रही एक महिला उनकी तरफ बढ़ी। इस पर वहां खड़े एक अफसर ने उसे डांटते हुए रोक दिया। यह देख डीएम ने नाराजगी जताई और अफसर को डांटते हुए महिला को अपने पास बुलाया।डीएम ने उसकी समस्या पूछी। इस पर महिला ने बताया कि उसका पति नोएडा के एक अस्पताल में एडमिट है, रुपयों के अभाव वह अपने बीमार पति का इलाज नहीं करवा पा रही है। इसके बाद डीएम ने वहीं से सीएमओ को फोन कर पूरा इलाज सरकारी स्तर पर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने उसे आश्वस्त किया कि यदि जरूरत पड़ी तो सरकारी आर्थिक मदद भी दिलवाएंगे।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह सोमवार को उनके ऑफिस में आने वाले लोगों की समस्या सुनने के बाद दिन में करीब 2 बजे उठे। इसके बाद कलेक्ट्रेट में खड़ी अपनी कार में जैसे ही बैठने लगे वैसे ही बच्चे को लेकर महिला उनकी और तेजी के साथ बढ़ी। उसे देखकर डीएम के साथ मौजूद अफसर ने उसे रोका और डांटते हुए दूर रहने के लिए कहा। अफसर के इस व्यवहार से डीएम नाराज हो गए। उन्होंने उस अधिकारी से कहा कि यह महिला पीड़ित लग रही है। सरकारी अफसरों को पीड़ित की समस्या सुननी चाहिए। उन्होंने फौरन महिला को बुलाया और आने का कारण पूछा। महिला ने बताया कि वह लोनी की रहने वाली है। उसके पति को लकवा हो गया है। वह नोएडा के एक अस्पताल में एडमिट है, लेकिन रुपये न होने की वजह से इलाज नहीं हो पा रहा है।
इतना सुनते ही डीएम ने फौरन वहीं से सीएमओ को फोन कर निर्देश दिए की वह एक महिला को भेज रहे हैं। इसके पति का पूरा इलाज सरकारी स्तर से किया जाए और यदि कोई आर्थिक मदद की जरूरत हो तो उसे भी प्रशासन की ओर से दिया जाएगा इसके बाद डीएम के निर्देश पर सरकारी गाड़ी से उस महिला को सीएमओ ऑफिस पहुंचाया गया। सीएमओ ऑफिस में महिला से उसके पति की बीमारी के बारे में पूछा गया। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने महिला को आर्थिक मदद दी और उससे कहा कि वह अस्पताल के डॉक्टर से उनकी बात करवा दे। इसके बाद जो भी संभव होगा प्रशासन मदद करेगा। जरूरी हुआ तो वह उसके पति का इलाज गाजियाबाद में ही करवा देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button