तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से मीडिया कर्मी की मौत, मचा कोहराम

कानपुर देहात/उत्तर प्रदेश। बेला-रसूलाबाद मार्ग पर बाला जी गेस्टहाउस के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस ने आगे चल रहे बाइक सवार मीडिया कर्मी को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम करवाने के साथ बस व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के मौजमपुर भोलापुर निवासी रजनेश (27) पुत्र रामसेवक एक चैनल से जुड़े थे। बुधवार सुबह किसी काम से रसूलाबाद आए थे। घर लौटने के दौरान सुबह 9:30 बजे बेला-रसूलाबाद मार्ग पर बाला जी गेस्ट हाउस के पास बेला की ओर से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसा करने के बाद चालक बस लेकर भाग निकला। काफी देर तक घायल रजनेश घायल सड़क पर ही पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें लेकर सीएचसी रसूलाबाद पहुंची, जहां डॉ. सौरभ शाक्य ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनहोनी की जानकारी पर पिता रामसेवक, मां कुसमा देवी, पत्नी सोनम, भाई राघवेंद्र व बेटा ऋषभ रोते-बिलखते हुए अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि हादसा कर भागने वाले चालक व बस की तलाश की जा रही है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।




