खरगोन में बोर्ड एग्जाम की तैयारी पूरी, तांगे से परीक्षा केंद्रों तक पहुंची गुप्त सामग्री तो होने लगी चर्चा

Preparations for board exams complete in Khargone, discussion started when secret material reached the exam centres by horse carriage

खरगोन/मध्य प्रदेश। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार के दिन रोचक नजारा देखने को मिला। कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए एग्जाम मटेरियल को कुछ केंद्राध्यक्ष तांगे में भी ले गये। तांगे में महत्वपूर्ण और गोपनीय परीक्षा सामग्री का ट्रांसपोर्टेशन शहर में चर्चा का विषय बन गया। अधिकृत जानकारी के अनुसार खरगोन जिले में 95 केद्रों पर परीक्षा आयोजित हो रही है। इसमें 10 संवेदनशील और एक अति संवेदनशील केंद्र घोषित किया गया है। इस साल कक्षा 12वीं में 15274 और दसवीं में 18715 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
शुक्रवार के दिन उत्कृष्ट विद्यालय से इस बोर्ड एग्जाम की गुप्त सामग्री का वितरण किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र पाटीदार ने बताया कि चार दिन पूर्व पुलिस सुरक्षा में उत्कृष्ट विद्यालय के स्ट्रांग रूम में यह सामग्री रखी गई थी। शुक्रवार के दिन इसका वितरण कर दिया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र अध्यक्ष और सहायक केंद्र अध्यक्ष इसे संबंधित थानों में जमा कराएंगे।
परीक्षा सामग्री को केंद्र अध्यक्ष और सहायक केंद्र अध्यक्ष विभिन्न परिवहन के साधनों से ले गए। इसमें तांगा, ऑटो, वैन आदि शामिल है। आपको बता दें कि खरगोन में आज भी तांगे चलते हैं। लेकिन गोपनीय परीक्षा सामग्री को इस पर लाद कर ले जाना चर्चा का विषय बन गया। हालांकि परीक्षा सामग्री सील्ड होती है, लेकिन आधुनिक युग में तांगे पर इसका परिवहन देखना रोचक घटना रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button