नोएडा में बकाये के 25 लाख न देने पर जीएसटी दफ्तर की बिजली काटी

नोएडा। उत्तर प्रदेश में बकायेदारों के खिलाफ चल रहे अभियान में बिजली विभाग ने बुधवार को इरकॉन बिल्डिंग का बिजली कनेक्शन काट दिया। इसी बिल्डिंग में केंद्रीय जीएसटी भवन भी है। सुबह करीब 11 बजे सेक्टर-48 स्थित इरकॉन बिल्डिंग (केंद्रीय जीएसटी भवन) की बिजली कटने के बाद नोएडा से मेरठ व लखनऊ के अधिकारियों के फोन आते रहे। करीब दो घंटे बाद यूपीपीसीएल के निर्देश के बाद इरकॉन बिल्डिंग के कनेक्शन को दोबारा जोड़ा गया।
बकायेदारों की सूची में शामिल होने पर खंड पांच की टीम ने इरकॉन बिल्डिंग का कनेक्शन काट दिया था। बिजली कटने से केंद्रीय जीएसटी विभाग में कामकाज ठप पड़ गया। अधिकारियों ने इसकी शिकायत नोएडा के मुख्य अभियंता समेत पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक चैत्रा वी व लखनऊ मुख्यालय में निगम के चेयरमैन से की। जिसके बाद नोएडा से लेकर मेरठ तक के अधिकारियों के फोन आने लगे। इससे सकते में आई टीम ने दो घंटे बाद ही कनेक्शन जोड़ दिया। इस दौरान डेढ़ से दो घंटे तक इरकॉन बिल्डिंग की बिजली कनेक्शन कटी रही। बताया जा रहा है कि इरकॉन बिल्डिंग ने दो महीने से बिल नहीं जमा किया था। जिसका बकाया 25 लाख से अधिक हो गया था।
अधिशासी अभियंता शशांक शेखर का कहना है कि जी-20 बैठक में व्यस्तता के कारण बिल जमा नही हो सका है। उनके द्वारा कुछ दिनों की मोहलत मांगने पर कनेक्शन को दोबारा से जोड़ने के निर्देश मिले, जिसके बाद तुरंत ही कनेक्शन जोड़ दिए गए।
खंड पांच की टीम ने करीब 100 से अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट कर उन्हें तुरंत बकाया बिल भरने को कहा गया। सेक्टर-128 स्थित अलीशा बिल्डिंग का भी कनेक्शन काटे गए हैं। सवा चार लाख रुपये बकाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button