एमएलसी चुनाव: गौतमबुद्धनगर में डीएम मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने संभाली कमान
मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के दौरान गौतमबुद्धनगर में डीएम मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कमान संभालते हुए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

गौतमबुद्धनगर। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के मतदान के दौरान जिलाधिकारी मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से संवाद कर मतदान प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा स्थित आईआईटी रुड़की, पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91 नोएडा और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-39 सहित कई मतदान केंद्रों का दौरा किया। पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। वहीं, जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिले में निर्वाचन के लिए 13 मतदान केंद्रों पर कुल 42 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 25 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 17 मतदेय स्थल शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होना था। प्रशासन और पुलिस की टीमें मतदान व्यवस्था पर लगातार नजर रखे हुए थीं।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा, उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।




