अजनार नदी की सफाई पर बिट्टू तबाही के वायरल दावे की खुली पोल! नगर पालिका ने निकाला दो ट्रक कचरा
ब्यावरा में अजनार नदी की सफाई को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे दावों और जमीनी हकीकत के बीच का सच सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक शख्स द्वारा नदी साफ करने का दावा वायरल होने के बाद, नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि नदी की सफाई का काम प्रशासन और नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से किया जाता है।

राजगढ़,मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के ब्यावरा शहर की अजनार नदी सोशल मीडिया पर सफाई को लेकर किए गए दावों के बाद चर्चा में है। नवरात्रि में प्रतिमा विसर्जन के बाद नगर पालिका की टीम ने नदी में विशेष सफाई अभियान चलाकर करीब दो ट्रक कचरा और क्रेन की मदद से 100 से अधिक प्रतिमाओं के अवशेष बाहर निकाले। अभियान के दौरान नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी इकरार अहमद और अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाहा देर रात तक मौके पर मौजूद रहे।
नदी की सफाई को लेकर सोशल मीडिया पर ‘बिट्टू तबाही’ नाम के उपयोगकर्ता द्वारा किए गए दावे के बाद मामला चर्चा में आया। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि अजनार नदी की सफाई के लिए वर्ष 2017 से समय-समय पर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें नगर पालिका के साथ स्थानीय सामाजिक संगठन भी भागीदारी करते रहे हैं। सीएमओ इकरार अहमद ने सोशल मीडिया पर किसी एक व्यक्ति द्वारा सफाई का श्रेय लेने संबंधी दावों को भ्रामक बताया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाहा के मुताबिक, ब्यावरा के अलावा राजगढ़ जिले के अन्य क्षेत्रों से भी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए लोग अजनार नदी पहुंच रहे थे। बुधवार देर रात तक विसर्जन जारी रहने के कारण नदी में प्रतिमाओं के अवशेष और कचरा जमा हो गया था। इसके बाद नगर पालिका की टीम ने तत्काल सफाई अभियान चलाया।
प्रशासन की कार्रवाई से नदी से कचरा और प्रतिमाओं के अवशेष हटाए गए। वहीं, सोशल मीडिया पर किए गए दावों को लेकर नगर पालिका ने अपने लंबे समय से जारी सफाई अभियानों का हवाला दिया है।




