केरलम में 15 छात्रों के खिलाफ केस दर्ज, पीएम मोदी की तस्वीर के अपमान का आरोप
केरलम के पलक्कड़ जिले में कॉलेज छात्रसंघ चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर फाड़ने के आरोप में मुस्लिम स्टूडेंट्स फेडरेशन (एमएसएफ) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) से जुड़े करीब 15 छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

तिरुवनंतपुरम। केरल के पलक्कड़ जिले के मन्नारक्कड़ में कॉलेज छात्रसंघ चुनाव प्रचार के समापन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर कथित तौर पर फाड़कर जमीन पर रौंदने के मामले में पुलिस ने मुस्लिम स्टूडेंट्स फेडरेशन (एमएसएफ) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) से जुड़े करीब 15 छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 के तहत दर्ज किया गया है, जो ऐसे कृत्य से संबंधित है जिससे दंगा भड़कने की आशंका हो।
पुलिस के मुताबिक, घटना 13 अक्टूबर को शाम करीब साढ़े चार बजे एमईएस कल्लाडी कॉलेज के सामने हुई। उस समय कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के प्रचार अभियान के समापन कार्यक्रम के लिए एमएसएफ और एसएफआई के कार्यकर्ता वहां जुटे थे। आरोप है कि इसी दौरान प्रधानमंत्री की तस्वीर फाड़ी गई, उसे जमीन पर फेंका गया और पैरों से रौंदा गया।
मामले में मन्नारक्कड़ निवासी भाजपा नेता बीजू की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब घटना के वीडियो फुटेज और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपित छात्रों की भूमिका और घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
कॉलेज प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, एमईएस कल्लाडी कॉलेज मन्नारक्कड़ में स्थित स्वायत्त महाविद्यालय है।




