कटिहार से लापता पांच नाबालिग लड़कियां आंध्र प्रदेश में मिलीं, सुरक्षित बरामदगी से पुलिस को बड़ी सफलता
बिहार के कटिहार से मेला देखने के दौरान रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुई 5 नाबालिग लड़कियों को कटिहार पुलिस की विशेष जांच टीम और आरपीएफ ने आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस टीम बच्चियों को वापस लाने के लिए रवाना हो चुकी है।

कटिहार,बिहार। बिहार के कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र से दुर्गा पूजा का मेला देखने निकलीं पांच नाबालिग लड़कियों के आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में मिलने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सभी बच्चियां सुरक्षित बरामद कर ली गई हैं। हालांकि वे कटिहार से करीब इतनी दूर आंध्र प्रदेश कैसे पहुंचीं, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मनसाही थाना क्षेत्र की पांच सहेलियां सोमवार शाम मरंगी में मेला देखने गई थीं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से पांचों लड़कियों की लोकेशन आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में ट्रेस की। इसके बाद उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चियों को वापस कटिहार लाने के लिए पुलिस टीम आंध्र प्रदेश रवाना हो गई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद बच्चियों में सुप्रिया कुमारी (13), रोशनी कुमारी (13), सुहानी कुमारी (14), शालू कुमारी (12) और सरगम कुमारी (12) शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक सभी एक साथ मेला देखने गई थीं और इसके बाद वापस नहीं लौटीं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी बच्चियां सुरक्षित हैं और उन्हें कटिहार लाने की प्रक्रिया चल रही है। बच्चियां आंध्र प्रदेश कैसे पहुंचीं, इसके कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। बच्चियों के वापस आने और उनके बयान दर्ज होने के बाद मामले से जुड़े तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।




