ग्रेटर नोएडा में डिलीवरी बॉय को रोका तो भड़की महिला, जांच को लेकर महिला और सुरक्षा गार्डों में विवाद, वीडियो वायरल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में डिलीवरी बॉय को रोके जाने पर महिला भड़क उठी। महिला ने सुरक्षा गार्डों के साथ अभद्र व्यवहार और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसायटी में डिलीवरी बॉय की पहचान जांच को लेकर महिला और सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। मंगलवार रात हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सुरक्षा गार्डों ने महिला पर अभद्रता, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना बिसरख क्षेत्र स्थित सोसायटी में एक महिला ने ऑनलाइन सैनिटरी पैड और खाने-पीने का सामान मंगाया था। डिलीवरी बॉय सामान लेकर सोसायटी पहुंचा तो सुरक्षा गार्डों ने सोसायटी के नियमों के तहत उसकी पहचान की जांच के लिए उसे गेट पर रोक लिया। आरोप है कि इसी बात से महिला नाराज हो गई और मौके पर पहुंचकर गार्डों से बहस करने लगी।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और महिला तथा सुरक्षा गार्डों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। गार्डों का आरोप है कि बहस के दौरान महिला ने उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर जातिसूचक शब्द भी कहे। इसके अलावा महिला पर एक सुरक्षा गार्ड को थप्पड़ मारने तथा कुर्सी पर बैठे दूसरे गार्ड को लात मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे विवाद का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में महिला और सुरक्षा गार्डों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला की ओर से गार्ड के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने की बात भी सामने आ रही है।
हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर यह दावा भी किया जा रहा है कि महिला ने शराब पी रखी थी, लेकिन पुलिस की ओर से फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, डिलीवरी बॉय को सोसायटी में प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच के लिए रोका गया था। इसी बात को लेकर महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस वायरल वीडियो के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




