लोनी की बदहाल सड़कों और जलभराव के खिलाफ हिंदू रक्षा दल ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी

बदहाल सड़कों, गहरे गड्ढों, जलभराव और जाम की समस्या को लेकर हिंदू रक्षा दल ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने लोनी-बनथला, शिव विहार मेट्रो स्टेशन-ट्रोनिका सिटी और गाजियाबाद-बनथला मार्ग की स्थिति सुधारने, गड्ढे भरने तथा जल निकासी दुरुस्त करने की मांग की। संगठन मंत्री अमित प्रजापति ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं होने पर जनता के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

लोनी/गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र की बदहाल सड़कों, जलभराव, गहरे गड्ढों और जाम की समस्या को लेकर हिंदू रक्षा दल ने उपजिलाधिकारी लोनी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। संगठन ने लोनी-बनथला मुख्य मार्ग, शिव विहार मेट्रो स्टेशन से ट्रोनिका सिटी थाना मार्ग तथा गाजियाबाद-बनथला मार्ग पर कस्बा चौकी के सामने की स्थिति को गंभीर बताते हुए प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
हिंदू रक्षा दल के संगठन मंत्री अमित प्रजापति ने कहा कि इन मार्गों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिनमें जलभराव के कारण उनकी गहराई का पता नहीं चलता। इससे दोपहिया वाहन, ई-रिक्शा और अन्य वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि सड़क, जल निकासी और गड्ढों की समस्या को लेकर संबंधित विभागों को तत्काल जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करनी चाहिए।
अमित प्रजापति ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर दूर-दराज से महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए लोनी पहुंचती हैं, लेकिन जलभराव, कीचड़, गड्ढों और जाम के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर लोगों को गंदे पानी से होकर पैदल गुजरना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से त्योहार को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और जल निकासी के इंतजाम करने की मांग की।
ज्ञापन में सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरने, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने की मांग की गई। संगठन ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने का भी आग्रह किया।
हिंदू रक्षा दल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संगठन लोनी की जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगा। अमित प्रजापति ने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को अच्छी सड़क, सुचारु जल निकासी और सुरक्षित आवागमन का अधिकार है तथा अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर कार्रवाई अपेक्षित है। ज्ञापन सौंपने के दौरान हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button