वृंदावन में श्रद्धालु बाबा के घर हुई 2.90 करोड़ की चोरी का खुलासा, चार शातिर चोर गिरफ्तार
मथुरा के वृंदावन में गुजरात से भक्ति करने आए बुजुर्ग श्रद्धालु राकेश प्रजापति के घर हुई ₹2.90 करोड़ की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।

मथुरा/उत्तर प्रदेश। वृंदावन में भक्ति करने आए एक बुजुर्ग श्रद्धालु की जीवनभर की जमा-पूंजी चुराने वाले चार शातिर चोरों को मथुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना जैंत पुलिस और सर्विलांस टीम ने करीब 2.90 करोड़ रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से 2.60 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, चोरी के पैसों से खरीदी गई फॉक्सवैगन लग्जरी कार, सोने-चांदी के आभूषण, महंगे मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
पीड़ित राकेश प्रजापति गुजरात के गांधीनगर के निवासी हैं। पत्नी के निधन के बाद वह अकेले रह रहे थे और उनका बेटा पिछले चार महीनों से वृंदावन में एक आश्रम में रहकर भक्ति कर रहा था। बेटे के पास रहने के उद्देश्य से राकेश प्रजापति ने गुजरात में अपनी संपत्तियां बेचकर वृंदावन के सुनरख क्षेत्र में फ्लैट खरीद लिया और अपनी पूरी जमा-पूंजी नकद रूप में घर में रखी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, पड़ोस में गेस्ट हाउस चलाने वाले आलोक और राजन ने पहले उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में भारी नकदी की जानकारी मिलने पर अपने साथियों हिरेन और प्रेम सागर के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। योजना के तहत आलोक उन्हें जमीन दिखाने के बहाने मांट क्षेत्र ले गया, जबकि अन्य तीन आरोपी उनके फ्लैट पर पहुंचकर ताला तोड़कर अलमारी और दीवान में रखे 2 करोड़ 90 लाख 10 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित को डराने-धमकाने की भी कोशिश की, जिससे घबराकर वह अपने गृह नगर लौट गए। बाद में उन्होंने हिम्मत जुटाकर थाना जैंत में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों को सुनरख रोड से एनएच-19 की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने चोरी की रकम से लग्जरी कार, महंगे मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, ब्रांडेड कपड़े और अन्य सामान खरीदे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 करोड़ 60 लाख 12 हजार रुपये नकद, फॉक्सवैगन कार, वारदात में प्रयुक्त टाटा पंच कार, आईफोन, सैमसंग और वीवो मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजन निवासी फरीदाबाद (हरियाणा), आलोक निवासी कुशीनगर (उत्तर प्रदेश), प्रेम सागर निवासी सूरत (गुजरात) और हिरेन निवासी सूरत (गुजरात) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने इस कार्रवाई के लिए थाना जैंत और सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




