कोखराज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 270 ग्राम अवैध गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशांबी/उत्तर प्रदेश। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोखराज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 270 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति क्षेत्र में अवैध गांजा लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोही ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गजेंद्र पाण्डेय उर्फ रवि, निवासी दरबेशपुर, थाना कोखराज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 270 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इस अवैध कारोबार में कब से संलिप्त था तथा इसके पीछे और कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।




