कानुपर में अजब मामला, चौकीदारों ने साढ़ थाना प्रभारी पर तेल मालिश करवाने का लगाया आरोप

कानपुर के साढ़ थाना में तैनात सात चौकीदारों ने थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा पर अपने आवास पर तेल मालिश, पैर दबाने और घरेलू काम कराने का आरोप लगाया है।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानुपर में अजब गजब मामला सामने आया है। साढ़ थाना प्रभारी पर तेल मालिश करवाने का आरोप लगा है। चौकीदारों ने डीएम और पुलिस आयुक्त के सामने शिकायत की।
साढ़ थाना में तैनात चौकीदारों ने प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी से शिकायत की है। आरोप लगाया कि थाना प्रभारी अपने आवास पर बुलाकर शरीर में तेल मालिश कराने के साथ ही पैर दबाने को कहते हैं। न करने पर गाली-गलौज करके जेल भेजने की धमकी देते हैं। हालांकि, थाना प्रभारी ने आरोपों को नकारा है।
साढ़ थाना में तैनात चौकीदार जयकरन, कैलाश, रामकिशन, देवनारायण, मेवालाल, शिवलोचन और सुरेश मंगलवार को कानपुर में पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी कार्यालय शिकायत लेकर पहुंचे। यहां सौंपे शिकायती पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि साढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा उन्हें आवास में बुलाकर शरीर में मालिश करने, हाथ-पैर दबाने को कहते हैं।
इसके साथ ही सभी को बारी-बारी से बर्तन, कपड़े, झाड़ू, पोंछा करने के लिए भी कहते हैं। अगर वे लोग मना करते हैं तो उनसे गाली-गलौज की जाती है। आरोप के मुताबिक थाना प्रभारी कहते हैं कि ज्यादा बाबूगिरी की तो झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेज देंगे। चौकीदारों का कहना है कि वे इस प्रताड़ना से भयभीत हैं। उन्हें डर है कि कहीं उनके परिवार या उनको जेल न भेज दिया जाए।
साढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने आरोपों को नकारा है। उन्होंने कहा कि चौकीदारों का ड्यूटी लगाने को लेकर मुंशी से कुछ विवाद हुआ था। एसीपी कृष्णकांत यादव का कहना है कि आरोपों की जांच कराई जाएगी। तथ्य सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button