खखरेरू में अतिक्रमण पर सख्ती, सात दिन का अल्टीमेटम; नहीं हटाने पर चलेगी जेसीबी

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जिले की नगर पंचायत खखरेरू में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध कब्जाधारियों को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बुधवार को नगर पंचायत कर्मचारियों और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों को नोटिस थमाए। यह कार्रवाई गांधी नगर चौराहा के निर्माण के साथ-साथ प्रस्तावित अर्बन हाट और बस स्टॉप परियोजनाओं को तेजी देने के उद्देश्य से की गई है। इन परियोजनाओं के लिए चिन्हित भूमि पर अवैध कब्जों को हटाया जाना आवश्यक बताया गया है।
नोटिस के माध्यम से अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह का समय दिया गया है, ताकि वे स्वयं अपने कब्जे हटा लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समयसीमा के बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवैध कब्जों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अभियान के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और कई अतिक्रमणकारी स्वयं ही अपने कब्जे हटाने की तैयारी में जुट गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button