ईद-उल-जुहा के मद्देनजर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी कार्यालय में समन्वय बैठक, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। ईद-उल-जुहा के अवसर पर शांतिपूर्ण एवं सुचारु आयोजन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला, सीलमपुर स्थित डीसीपी कार्यालय परिसर में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मस्जिदों एवं ईदगाहों के इमाम, नागरिक भाईचारा समिति, अमन कमेटी के सदस्य, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा अन्य हितधारक उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता संयुक्त पुलिस आयुक्त (ईस्टर्न रेंज) श्री अजीत कुमार सिंगला ने की। इस दौरान उत्तर-पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त श्री राहुल अलवाल, आईपीएस तथा अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस भी मौजूद रहे।
बैठक में नागरिकों को पर्व के आयोजन से संबंधित सरकारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। उन्हें सलाह दी गई कि कुर्बानी केवल निर्धारित एवं अनुमति प्राप्त स्थानों पर ही की जाए और इसे खुले सार्वजनिक स्थानों पर न किया जाए। साथ ही स्वच्छता एवं स्वास्थ्य मानकों का ध्यान रखते हुए अपशिष्ट का समयबद्ध और उचित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उपस्थित लोगों से अपील की गई कि कुर्बानी से जुड़े वीडियो या फोटो न बनाएं और न ही उन्हें प्रसारित करें। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा करने से बचने के लिए भी कहा गया। साथ ही किसी भी अफवाह या उकसावे की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करने और अपुष्ट जानकारी पर प्रतिक्रिया न देने की सलाह दी गई। बैठक में सभी नागरिकों से त्योहार के दौरान शांति, आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। सभी हितधारकों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button