दिल्ली-मेरठ हाइवे पर नमो भारत के पिलर से टकराई स्विफ्ट, दो की मौत, 4 घायल

गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ हाइवे पर नमो भारत के पिलर से स्विफ्ट कार के टकराने से दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना में चार घायल हुए हैं।

गाजियाबाद। गाजियाबाद में तेज रफ्तार के कहर ने एक बार फिर दो युवकों की जान ले ली। मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ हाइवे पर नमो भारत के पिलर से तेज रफ्तार कार के टकराने से हादसे की खबर है। कार की स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटे के करीब बताई जा रही है। हादसा इतना भयानक था कि चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घटना में कार सवार चार लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान लोनी के 25 वर्षीय अंकित तिवारी और परतापुर, मेरठ के 32 वर्षीय आदेश के रूप हुई है। वहीं, घटना में घायल हुए लोगों में कुलदीप,आदेशपाल, हिमांशु और रोहित शामिल हैं।
मोदीनगर हादसे में टक्कर इतनी जोरदार थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार पूरी तरह से चिपकी हुई लग रही है। टक्कर के कारण ड्राइवर और फ्रंट शीट पर बैठे पैसेंजर की मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा और भी भयानक हो सकता था। एक्सिडेंट के समय ही सामने से एक ट्रक आ रही थी। कार टक्कर के बाद पलट गई थी। लेकिन, सामने से आ रहा ट्रक कार की चपेट में आने से संयोग से बच गया। कार परतापुर के कुंडा गांव निवासी संजय के नाम पर रजिस्टर्ड है।
घटना की जानकारी मिलते ही मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद कार से शवों को बाहर निकाला। हादसा मोदीनगर में मेरठ रोड स्थित ईएसआई अस्पताल के सामने हुआ है। कार सवार सभी युवक दिल्ली से मेरठ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे मोदीनगर पहुंचते ही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद नमो भारत के पिलर से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इस कारण टक्कर इतनी जोरदार हुई कि तेज आवाज ने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींचा। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, मेरठ के परतापुर निवासी रोहित अपने दोस्तों आदेश, हिमांशु कुमार, कुलदीप, आदेश और लोनी निवासी अंकित तिवारी के साथ बुधवार को दिल्ली गए थे। गुरुवार सुबह सभी छह लोग मेरठ लौट रहे थे। अंकित तिवारी कार ड्राइव कर रहा था। ईएसआई अस्पताल के सामने पहुंचते ही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराते हुए पलटी खा गई। पिलर की टक्कर से भी प्रभाव पड़ा और कार के परखच्चे उड़ गए।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर जीवन अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आदेश और अंकित को मृत घोषित कर दिया। कुलदीप, रोहित, आदेश और हिमांशु की हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर किया गया। घटना के बाद दिल्ली-मेरठ हाइव पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक को चालू कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button