बिना दस्तावेज लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई, ट्रैक्टर सहित माल जब्त

किसानों से खरीदी लकड़ी आरा मिल ले जाने की बात स्वीकार, मामला वन मंडल मनेंद्रगढ़ भेजा गया

शोभित शर्मा,एमसीबी/छत्तीसगढ़। जिले के खड़गवां वन परिक्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
वन विभाग के अनुसार पूछताछ में चालक सुखनंदन सिंह (पिता भगवान गिदमुडी) ने बताया कि वह किसानों से लकड़ी खरीदकर ट्रैक्टर के माध्यम से गौरेला स्थित एक आरा मिल में बेचने ले जा रहा था। हालांकि जांच के दौरान उसके पास लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, ट्रांजिट पास या अनुमति पत्र नहीं मिला।
दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर वन परिक्षेत्र अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लकड़ी सहित ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए मामला वन मंडल मनेंद्रगढ़ भेज दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र में लंबे समय से बिना दस्तावेज लकड़ी परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इस कार्रवाई के बाद अब यह सवाल उठने लगे हैं कि किसानों से खरीदी गई लकड़ी का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड क्यों नहीं है और बिना अनुमति के इसका परिवहन कैसे किया जा रहा था।
वन विभाग की इस सख्ती के बाद लकड़ी कारोबारियों में खलबली मच गई है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में अवैध लकड़ी परिवहन और बिना अनुमति संचालित कारोबार पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button