बागपत के दिगंबर जैन मंदिर में हाफ पैंट, मिनी स्कर्ट पहनकर प्रवेश पर मनाही

बागपत के दिगंबर जैन मंदिर में ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है। इससे संबंधित बोर्ड में श्रद्धालुओं से मंदिर में शालीन वस्त्रों में आने की अपील की गई है।
बागपत/उत्तर प्रदेश। बागपत जिले के बड़ा गांव में स्थित प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया हैं। बोर्ड लगाकर अपील की गई है कि मंदिर में प्रवेश करते समय छोटे या आधुनिक पश्चिमी परिधान जैसे हाफ पैंट, बरमूडा, मिनी स्कर्ट और जींस-टॉप से परहेज करें। शालीन वस्त्रों में आने की अपील की गई। महिलाओं और बालिकाओं से कहा गया है कि सिर ढककर ही मंदिर परिसर में प्रवेश करें।
मंदिर प्रबंधन समिति का कहना है कि यह कदम सामाजिक मर्यादा, धार्मिक अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। साथ ही कहा कि बोर्ड पर लिखे संदेश का मकसद किसी की व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर रोक लगाना नहीं, बल्कि धार्मिक स्थल की गरिमा और पवित्रता को बनाए रखना है। इस निर्णय को लेकर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं ने भी समर्थन किया है।
दिगंबर जैन मंदिर प्रबंधन समिति के मंत्री अंकुश जैन के अनुसार यह निर्णय श्रद्धा और अनुशासन के भाव को जागृत करने के उद्देश्य से लिया गया है। दरअसल, इश मंदिर में दर्शन के लिए दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों से श्रद्धालु आते हैं। इस मंदिर में भगवान पार्श्वनाथ की अतिशयकारी प्रतिमा स्थापित है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि बदलती जीवनशैली के बीच अपनी संस्कृति को बचाए रखना आवश्यक है। मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि लोग इस नियम का स्वेच्छा से पालन करेंगे। साथ ही, मंदिर की दिव्यता को बनाए रखने में सहयोग देंगे।




