भारत में खुलेगी पहली वाइल्डलाइफ और वेटेरिनरी यूनिवर्सिटी, अनंत अंबानी ने किया शिलान्यास

अनंत अंबानी के वनतारा ने गुजरात के जामनगर में वनतारा यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया है। यह वन्यजीव संरक्षण और पशु चिकित्सा विज्ञान को समर्पित दुनिया की पहली एकीकृत वैश्विक यूनिवर्सिटी होगी।
जामनगर/गुजरात। रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी की ग्लोबल वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन आर्गनाइजेशन, वनतारा ने गुजरात के जामनगर में वनतारा यूनिवर्सिटी शुरू करने की घोषणा की है। यह वन्यजीव संरक्षण और पशु चिकित्सा विज्ञान को समर्पित दुनिया की पहली एकीकृत वैश्विक यूनिवर्सिटी होगी।
विवि का शिलान्यास इस उद्देश्य से किया गया है कि यहां संचालित पाठ्यक्रम भारत की सदियों पुरानी ज्ञान परंपराओं का उपयोग करके शिक्षा का एक उद्देश्यपूर्ण और भविष्योन्मुखी माडल तैयार करेंगे। वनतारा विश्वविद्यालय के शिलान्यास को लेकर अनंत अंबानी ने कहा- ‘संरक्षण का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि हम लोगों और संस्थानों को करुणा, ज्ञान और कौशल के साथ जीवों की सेवा करने के लिए कैसे तैयार करते हैं।
वनतारा यूनिवर्सिटी की परिकल्पना उस व्यक्तिगत अनुभव से प्रेरित है, जब मैंने संकट में पड़े पशुओं को करीब से देखा और उनकी बेहतर देखभाल के लिए अधिक क्षमता की आवश्यकता महसूस की।’
हिंदू परंपरा के अनुसार आयोजित इस शिलान्यास समारोह में शिक्षा, विज्ञान, संरक्षण और सार्वजनिक जीवन के प्रतिनिधियों के साथ-साथ अनंत अंबानी के शिक्षक और मार्गदर्शक भी शामिल हुए। वनतारा यूनिवर्सिटी में वनतारा के जमीनी अनुभवों को अकादमिक कार्यक्रमों, पेशेवर प्रशिक्षण और वैश्विक स्तर पर उपयोगी शिक्षा ढांचे में बदला जाएगा।
दावा किया गया है कि करुणा, विज्ञान और संरक्षण के समन्वय के माध्यम से यह संस्थान ऐसे पेशेवर तैयार करेगा, जो वन्यजीव और पारिस्थितिकी से जुड़ी जटिल चुनौतियों का समाधान कर सकें। अलग-अलग विषयों में अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट, फेलोशिप और विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इनमें वाइल्डलाइफ मेडिसिन और सर्जरी, न्यूट्रिशन, बिहेवियरल साइंसेज, जेनेटिक्स, एपिडेमियोलाजी, वन हेल्थ, कंजर्वेशन पालिसी और नेचुरलिस्टिक एनिमल केयर एनवायरनमेंट डिजाइन शामिल हैं। वनतारा की कार्यक्षमता के अनुरूप विशेष कालेज भी स्थापित किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक और आर्थिक रूप से वंचित पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियां भी प्रदान की जाएंगी। शिलान्यास समारोह ने करुणा आधारित संरक्षण शिक्षा को आगे बढ़ाने के व्यापक राष्ट्रीय प्रयास की शुरुआत भी दर्शाई। इस दौरान वनतारा यूनिवर्सिटी फाउंडिंग फेलोज और एवरी लाइफ मैटर्स छात्रवृत्ति कार्यक्रमों की घोषणा भी की गई।





