जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आईईडी मिलने से हड़कंप, सुरक्षाबलों ने सील किया इलाका

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। सुंदरबनी इलाके में दो ग्रेनेड से भरा एक संदिग्ध आईईडी बक्सा बरामद हुआ, जिसके बाद क्षेत्र को सील कर दिया गया।
राजौरी/जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। जवानों को जिले के सुंदरबनी इलाके में दो ग्रेनेड से भरा एक संदिग्ध आईईडी बक्सा बरामद हुआ। जिसके बाद अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि सुंदरबनी क्षेत्र के ठंडापानी इलाके में स्थानीय लोगों ने संदिग्ध सामग्री देखी, जिसके बाद सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और इलाके को सुरक्षित कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि एक बक्से में बंद दो ग्रेनेड युक्त संदिग्ध विस्फोटक सामग्री एक जल निकाय के पास पड़ी मिली। उन्होंने बताया कि सामग्री को सुरक्षित रूप से नष्ट करने के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है।
इससे पहले आठ अप्रैल को सुरक्षाबलों ने को दक्षिण कश्मीर के शोपियां में एक शक्तिशाली आईईडी को समय रहते निष्क्रिय कर, पुलवामा दोहराने के आतंकी षड्यंत्र को विफल बना दिया। पुलिस ने इस सिलसिले में एक मामला दर्ज कर आईईडी लगाने में लिप्त आतंकियों व उनके ओवरग्राउंड वर्करों काे पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया है।
बताया जा रहा है कि आतंकियों ने जिला शोपियां में जैनपोरा-चत्तरगाम सड़क के किनारे बाग के बाहरी छोर पर जो सड़क के किनारे की कच्ची पट्टी के साथ जुड़ा हुआ है, वहां एक शक्तिशाली आइइडी को लगाया था। यह आइइडी एक डिब्बे में फिट थी और डिब्बे को एक बैग में रखा गया था।




