दिल्ली में एक्सपायर्ड उत्पादों की री-लेबलिंग का भंडाफोड़, मुख्य सप्लायर अकरम अंसारी गिरफ्तार

नई दिल्ली। नामचीन कंपनियों के एक्सपायर हो चुके खाद्य और कॉस्मेटिक्स प्राेडक्ट्स पर लेवल बदलकर दोबारा खुले बाजार में नए स्टॉक के तौर पर बेचने में शामिल मुख्य सप्लायर को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सीमापुरी के अकरम अंसारी के रूप में हुई है। इसके शहीदनगर स्थित गोदाम से एक्सपायर हो चुके भारी मात्रा में घरेलू सामान, बेबी केयर प्रोडक्ट्स, एनर्जी ड्रिंक्स और कास्मेटिक्स का भंडार बरामद हुआ है। इससे पहले इससे एक्सपायर सामान खरीदकर बेचने वाले आरोपित ओमप्रकाश को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर ही मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस इससे पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य आरोपितों के बारे में पूछताछ कर रही है।
क्राइम ब्रांच के उपायुक्त विक्रम सिंह के मुताबिक, इससे पहले 28 फरवरी को गिरफ्तार हुए आरोपित ओम प्रकाश से पूछताछ पर कार्रवाई करते हुए एसीपी सुनील श्रीवास्तव की देखरेख में और इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने रस्तोगी कंपाउंड, शहीद नगर स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की और गोदाम से भारी मात्रा में एक्सपायर हो चुके प्रोडक्ट बरामद किए।
इसके साथ ही ओल्ड सीमापुरी के अकरम अंसारी को गिरफ्तार किया, जो एक मुख्य सप्लायर था और ओमप्रकाश शर्मा और दूसरों को री-लेबलिंग और रीसेल के लिए एक्सपायर हो चुके प्रोडक्ट दे रहा था।
पूछताछ में अकरम ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षोें से कबाड़ी (स्क्रैप डीलर) का काम कर रहा है और अलग-अलग जगहों से एक्सपायर हो चुके प्रोडक्ट खरीदता था। उसने बताया कि वह लगभग दो साल से ओमप्रकाश को एक्सपायर हो चुके डाबर कंपनी के प्रोडक्ट और घर का दूसरा सामान सप्लाई कर रहा था। उसने आगे बताया कि ओमप्रकाश ने लगभग दो साल पहले री-लेबलिंग और एक्सपायरी डेट की रीप्रिंटिंग करने के लिए जगतपुर गांव, वजीराबाद में एक गोदाम किराए पर लिया था।




