नोएडा में स्पेक्ट्रम मॉल के पास युवक को कार से खींचकर बुरी तरह पीटा, नाक की हड्डी तोड़ी

नोएडा। नोएडा में सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के स्पेक्ट्रम मॉल के पास एक व्यक्ति को रंजिश में अन्य व्यक्ति ने घूंसे मारते हुए जबरन कार से बाहर निकाला। सड़क पर गिराकर बुरी तरह से पीटा। जानलेवा हमले में पीड़ित व्यक्ति के नाक की हड्डी तक टूट गई। पीड़ित के भाई ने पुलिस से शिकायत की। थाना पुलिस का दावा है कि आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया। उधर, घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। सर्फाबाद गांव के रहने वाले कपिल यादव किरायेदारी का काम करते हैं। वह शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे स्पेक्ट्रम मॉल के पास खरीदारी करने गए थे। खरीदारी करने के बाद कार में आकर बैठ गए।
इसी दौरान सेक्टर-75 की एम्स गोल्फ एवेन्यू सोसायटी के सुरेंद्र उर्फ भूरी आया। कार का गेट खुलवाकर अभद्रता करने की बात कहने लगा। कपिल के चेहरे पर लगातार घूंसे मारे। कपिल के बराबर में बैठे दोस्त ने रोका तो सुरेंद्र कुछ देर के लिए शांत हो गया। इसके बाद एकाएक कपिल को कार से खींचा।
इसके बाद जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारते हुए हमला किया। हमले में कमल के चेहरे, नाक, हाथ पैर में चोटें आईं। पीड़ित ने पुलिस को मौके पर बुलाया तो आरोपी सोसायटी में घुस गया। कपिल को दो दिन कैलाश अस्पताल भर्ती रहना पड़ा। चिकित्सकों ने नाक की हड्डी टूटना बताया। कपिल के भाई कमल ने थाना पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर सुरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपित का शांतिभंग में चालान किया गया।
आए दिन जानलेवा हमला करने और छेड़छाड़ के मामले नोएडा में लगातार सामने आ रहे हैं। दबंग और शोहदे पुलिस के इकबाल को चुनौती दे रहे हैं। हालांकि, नोएडा पुलिस सख्ती बरतने का दावा कर रही है, लेकिन नई घटना पुलिस की सख्ती पर सवालिया निशान खड़े कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button