पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी के बर्थडे पर पार्टी कार्यकर्ता ने गर्भवती महिला को मारी लात, पुलिस ने निकाली परेड

अमरावती/एजेंसी। आंध प्रदेश पुलिस ने एक युवक को अच्छा सबक सिखाया। मंगलवार, 23 दिसंबर को आंध्र प्रदेश पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे व्यक्ति की परेड निकाली, जिस पर एक गर्भवती महिला पर हमला करने का आरोप लगा। जनता के भारी आक्रोश के बाद आंध्र प्रदेश पुलिस ने यह कदम उठाया। युवक पर गर्भवती महिला को लात मारने का आरोप लगा था। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी का जन्मदिन 21 दिसंबर को मनाया गया। पूर्व सीएम के बर्थडे सेलिब्रेशन में एक गर्भवती महिला ने युवक से पटाखे जलाने से मना किया। गर्भवती महिला के विरोध पर युवक ने उसे लात मार दी। ये घटना राज्य के श्री सत्य साई जिले की है।
आंध्र प्रदेश पुलिस ने इस घटना के मुख्य आरोपी अजय देवा की शहर में परेड निकाली। यह आरोपी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता है। पुलिस ने इस आरोपी को श्री सत्य साई जिले के कादिरी टाउन में आरटीसी बस स्टैंड सर्कल से लेकर क्षेत्रीय पुलिस स्टेशन तक सड़क पर घुमाया। आंध्र प्रदेश पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता ने वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता से भीड़ से दूर जाकर पटाखे जलाने के लिए कहा था, जिससे किसी को चोट न पहुंचे।
अजय देवा को इस बात पर गुस्सा आ गया और उसने एक और पार्टी कार्यकर्ता अंजिनप्पा के साथ मिलकर पीड़िता का गला घोंटा और उसके पेट पर लात मारी. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पीड़िता के होने वाले बच्चे को मारने के उद्देश्य से ऐसा किया। आंध्र प्रदेश पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस इस मामले में एक और आरोपी अंजिनप्पा की तलाश कर रही है, जो कि घटना के बाद से ही फरार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button