टूरिस्ट पैलेस बनेगा दिल्ली का सोनिया विहार, अब यमुना किनारे रेस्टोरेंट और नौका सवारी का ले सकेंगे मजा

उत्तर पूर्वी दिल्ली। दिल्ली सरकार सोनिया विहार में यमुना के किनारे एक रूफटॉप रेस्टोरेंट, एम्फीथिएटर और यमुना आरती के लिए घाट को विकसित करने की योजना बनाई है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में आईडब्ल्यूएआई, डीडीए, दिल्ली जल बोर्ड और डीटीटीडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।
सोनिया विहार परियोजना में टिकट काउंटर, वेटिंग रूम, एक रूफटॉप रेस्टोरेंट, दुकानें, एक एम्फीथिएटर, यमुना आरती के लिए घाट निर्माण और नदी के बीचों-बीच एक म्यूजिकल फव्वारा बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि इन सुविधाओं का उद्देश्य नदी के किनारे एक मनोरंजक और सांस्कृतिक केंद्र बनाना है।
अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित नदी पर्यटन गलियारे, क्रूज और नौका विहारों को लेकर नवीनतम जानकारी पेश की गई। इसमें लंबित अनुमोदन, स्थल सर्वेक्षण, पर्यावरण अनुपालन और अन्य निर्माण-पूर्व आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई। कपिल मिश्रा ने विभागों से समन्वय में सुधार करने और देरी से बचने के लिए काम में तेजी लाने का आग्रह किया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यमुना के किनारे होने वाली सभी गतिविधियों में राष्ट्रीय हरित अधिकरण के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए और गुणवत्ता मानकों और समय-सीमा का पालन किया जाना चाहिए। कपिल मिश्रा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य यमुना को दिल्ली की एक नई पहचान बनाना है। उन्होंने कहा, “सोनिया विहार परियोजना शहर में नदी पर्यटन को एक नई दिशा देगी। सभी विभागों को मिलकर काम करना चाहिए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करना चाहिए।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button