कानपुर में दोस्त की बहन से प्रेम संबंध, सिर धड़ से अलग कर शव के टुकड़े कर गंगा में फेंका

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर से एक खौफनाक घटना सामने आई है। कानपुर में एक युवक के दोस्त की बहन से प्रेम संबंध थे। जब इसकी भनक प्रेमिका के भाई को हुई तो उसने अपने जिगरी दोस्त का सिर धड़ से अलग कर दिया। उसकी लाश के टुकड़े कर बोरी में भरकर पुल से गंगा के तेज बहाव में फेंक दिया। बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद समेत 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने घटनास्थल की फोरेंसिक जांच के साथ ही आरोपियों का बेंजाडीन टेस्ट कराया। वहीं, आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। पुलिस ने शव के टुकड़े बरामद करने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कुछ नहीं मिला।
चकेरी थाना क्षेत्र स्थित शिवकटरा निवासी राजेश कुमार के छोटे बेटे ऋषिकेश को शुक्रवार रात पड़ोसी युवक गणेश महोत्सव में चलने की बात कह कर ले गया था। इसके बाद वह शनिवार सुबह आठ बजे तक घर नहीं पहुंचा। उसका फोन भी स्विच ऑफ जा रहा था। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। इसके बाद छह नामजद समेत 14 लोगों के खिलाफ मारपीट कर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। चकेरी इंस्पेक्टर संतोष शुक्ला ने बताया कि मुख्य आरोपी की बहन से ऋषिकेश के संबंध होने की बात सामने आई है।
हत्यारोपी से पूछताछ की गई तो उसने ऋषिकेश की हत्या कर शव बोरी में भरकर गंगा में फेंकने की जानकारी दी। इसके बाद गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने छह नामजद आरोपियों में से चार को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, महाराजपुर में सिर और हाथ कटा हुआ शव मिला है। हालांकि, उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस सूत्रों को माने तो घटना वाले दिन आरोपी युवक ने ऋषिकेश को बहाने से सीओडी के पास काकोरी के जंगल में बुलाया था। वहां पहले से मौजूद हत्यारोपियों ने चापड़ से ऋषिकेश की गर्दन उड़ा दी। शव को एक बोरी में भरकर रात के समय गंगा में फेंककर ठिकाने लगा दिया था। पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश और हत्यारोपी मर्डर के प्रयास के मामले में एकसाथ जेल गए थे। ऋषिकेश पहले छूट गया था। दोस्त को जेल से छुड़ाने के दौरान उसका घर पर आना-जाना हो गया। इस दौरान ऋषिकेश के दोस्त की बहन से प्रेम संबंध हो गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



