गाजियाबाद जिला जज आशीष गर्ग का हर्निया के इलाज के दौरान निधन, मोबाइल की रोशनी में हुआ अंतिम संस्कार

न्यायालय परिसर में शोक की लहर

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिला जज आशीष गर्ग का सोमवार को यशोदा अस्पताल में आकस्मिक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह हर्निया की बीमारी से ग्रस्त थे, जिसके चलते वह अस्पताल में भर्ती हुए थे। 10 अगस्त को उनका हर्निया का सफल ऑपरेशन हुआ और वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें छुट्टी देने की बात कही थी, लेकिन सोमवार दोपहर बाथरूम जाते समय अचानक ही हार्ट अटैक आया और उनका निधन हो गया।
जिला जज का अंतिम संस्कार गाजियाबाद के हिंडन नदी स्थित श्मशान घाट पर सोमवार रात जिला जज का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आश्चर्य की बात यह रही कि जब उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा था तो श्मशान घाट पर लाइट नहीं थी, जिसके कारण उनका अंतिम संस्कार मोबाइल की रोशनी में किया गया। एडवोकेट विक्रांत शर्मा ने आईजीआरएस पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि श्मशान घाट में प्रकाश व्यवस्था न होने से सभी को परेशानी हुई। उन्होंने अंतिम संस्कार की तस्वीरें भी साझा की हैं। अंतिम संस्कार के दौरान कई ज्यूडिशियल ऑफिसर, प्रशासनिक अफसर और एडवोकेट मौजूद थे, जिन्हें अंधेरे में कठिनाई का सामना करना पड़ा। इस बात से न्यायिक समुदाय के साथ-साथ अन्य लोगों को भी बड़ा कष्ट हुआ है।
जिला जज आशीष गर्ग के कार्यकाल से सभी अधिवक्ता और समस्त स्टाफ बेहद खुश था। वह बेहद हंसमुख थे। उनके मिलनसार और व्यावहारिक स्वभाव ने सभी अधिवक्ताओं और न्यायिक जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई। जैसे ही लोगों ने उनके निधन की खबर सुनी तो सभी स्तब्ध रह गए और गहरा शोक व्यक्त किया। समस्त अधिवक्ताओं का कहना है कि उनके निधन से न्यायिक जगत और बार एसोसिएशन को गहरी क्षति पहुंची है। शोकसभा में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी गई और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button