अहमदाबाद विमान हादसे पर छलका नवाज शरीफ का दर्द, पीएम मोदी को लेकर कही ये बात
Nawaz Sharif expressed his grief over the Ahmedabad plane crash, said this about PM Modi

इस्लामाबाद/एजेंसी। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट के नजदीक हुए विमान हादसे पर पूरी दुनिया से शोक संदेश आ रहे हैं। इसमें भारत का पड़ोसी देश पाकिस्तान भी शामिल है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने एयर इंडिया विमान हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने इस दुर्घटना को सीमाओं से परे बताया है। नवाज शरीफ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों के साथ अपनी संवेदनाएं भी साझा की। इस विमान में चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे।
नवाज शरीफ ने ट्वीट किया, “अहमदाबाद में हुए दुखद एयर इंडिया विमान हादसे में मारे गए अनमोल लोगों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। यह विनाशकारी क्षति सीमाओं से परे है और हमें हमारी साझा मानवता की याद दिलाती है। प्रधानमंत्री मोदी और भारत के लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”
बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम तेजी से नीचे आते देखा गया और यह अपराह्न करीब दो बजे वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद, इलाके में काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता देखा गया।
एयर इंडिया के अनुसार, अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रही उड़ान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे। दुर्घटना में मारे गए या घायल हुए लोगों का अभी कोई आधिकारिक अनुमान नहीं लगाया जा सका है। ऐसी आशंका है कि मेघाणी नगर के कुछ लोग भी मृतकों में शामिल हो सकते हैं। एक अधिकारी ने बताया कि कई घायलों को शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है।




