पाकिस्तान भेजा जाएगा 17 साल से जेल में कैद जासूस इकबाल भट्टी!

सहारनपुर में फर्जी तरीके से रहा, सेना की जासूसी की

  • शाहिद इकबाल भट्टी की 17 साल की जेल सजा पूरी हो गई
  • गृह मंत्रालय के आदेश का इंतजार, पाकिस्तान भेजा जाएगा
  • सहारनपुर में पहचान बदलकर रहा, 2008 में हुई गिरफ्तारी

सहारनपुर/उत्तर प्रदेश। साल 2008 में गिरफ्तार किए गए पाकिस्तानी जासूस शाहिद इकबाल भट्टी उर्फ देवराज सहगल को वापस भेजने की तैयारी की जा रही है। सहारनपुर में पहचान बदलकर रहने वाले पाकिस्तानी जासूस इकबाल भट्टी की जेल की सजा पूरी हो गई है। 17 साल जेल में बिताने के बाद अब उसे पाकिस्तान वापस भेजा जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस बारे में गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है। गृह मंत्रालय और पाकिस्तानी दूतावास के बीच बातचीत के बाद भट्टी को वापस भेजने का फैसला होगा, जो अभी नोएडा की जेल में सजा काट रहा है।इस मामले में गृह मंत्रालय के आदेश का इंतजार है, जिसके बाद ही उसे जेल से रिहा किया जाएगा। पाकिस्तानी जासूस शाहिद इकबाल भट्टी, जो देवराज सहगल के नाम से भी जाना जाता है को 17 साल पहले पटियाला से गिरफ्तार किया गया था। भट्टी पर फर्जी तरीके से वोटर आईडी, बैंक अकाउंट और राशन कार्ड बनवाने जैसे आरोप थे। उस पर सेना से जुड़े नक्शे रखने का भी आरोप था।
पाकिस्तान का रहने वाला भट्टी सहारनपुर के थाना सदर बाजार इलाके के हकीकत नगर में कई सालों तक नाम बदलकर किराए के मकान में रहा। वहां पर लोग उसे देवराज सहगल के नाम से जानते थे। उसने फर्जी आईडी पर वोटर कार्ड, बैंक अकाउंट और राशन कार्ड बनवा लिए थे। एसबीआई के मैनेजर ने भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इस मामले में कागजी कार्रवाई शुरू होने के बाद नोएडा जेल प्रशासन ने सहारनपुर जेल को पत्र लिखकर उसके बारे में पूरी जानकारी मांगी है। एलआइयू और पुलिस अफसरों ने आपस में पत्र लिखकर जानकारी साझा की है। अब नोएडा जेल प्रशासन को गृह मंत्रालय के आदेश का इंतजार है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद ही उसे जेल से रिहा किया जाएगा।
भट्टी ने सहारनपुर में मोहल्ले से लेकर सरकारी विभागों तक में अपनी अलग पहचान बना ली थी। 8 अगस्त 2008 को पंजाब पुलिस ने उसे पटियाला में गिरफ्तार किया था। जब पंजाब पुलिस यहां आई, तब लोगों को इकबाल भट्टी की सच्चाई पता चली। इसके बाद इकबाल भट्टी के खिलाफ थाना जनकपुरी और थाना सदर बाजार में कई मामले दर्ज किए गए। कोर्ट ने भट्टी को कई मामलों में सजा सुनाई, जिसके बाद से वह जेल में बंद है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सहारनपुर के एसएसपी रोहित सजवान ने बताया कि पाकिस्तानी जासूस फिलहाल नोएडा जेल में बंद है। उसकी सजा पिछले महीने पूरी हो चुकी है। इसलिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखा गया है, ताकि उसे जेल से निकालकर पाकिस्तान भेजा जा सके। उन्होंने कहा, “गृह मंत्रालय का रिहाई सम्बंधी पत्र प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
सहारनपुर के वरिष्ठ जेल अधीक्षक सत्य प्रकाश ने बताया कि इकबाल भट्टी की सजा पूरी हो चुकी है। नोएडा जेल से उसके बारे में जानकारी मांगी गई थी। एलआईयू ने भी मामले की जांच की है। उन्होंने कहा, “मामले में गृह मंत्रालय को पत्र लिखा गया है। मंत्रालय का पत्र प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button