बाइक चलाने के दौरान हुआ बेहोश, दिल्ली में सीपीआर देकर लेडी हेड कॉन्स्टेबल ने बचाई जान
He fainted while riding a bike, Lady Head Constable saved his life by giving CPR in Delhi

दिल्ली ब्यूरो। वीवीआईपी रूट पर ड्यूटी के दौरान एक्सिडेंट में घायल और बेहोश हुए एक बाइक सवार की सीपीआर देकर हेड कॉन्स्टेबल सतीश कुमारी ने जान बचा ली। दो बाइक में टक्कर होने के कारण बाइक सवार अमित डोगरा बेहोश हो गए थे।
डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल सतीश कुमारी को एएफएस पालम गेट पर वीवीआईपी रूट व्यवस्था पर तैनात किया गया था। रविवार सुबह वह ड्यूटी पर थीं। तभी उन्होंने देखा कि सुबह करीब 7:45 बजे दो बाइकें आपस में टकरा गईं और एक बाइक सवार अपनी बाइक से नीचे गिर गए। वहां पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। वीवीआईपी ड्यूटी पर होने के बावजूद वह तुरंत बेहोश हुए बाइक सवार के पास पहुंचीं। बाइक सवार को काफी चोटें आई थीं।
उनकी पहचान राज नगर पार्ट-2 निवासी 35 वर्षीय अमित डोगरा के तौर पर हुई। सतीश कुमारी ने उन्हें सड़क के फुटपाथ पर सीधा कर लिटाया। फिर उन्हें सीपीआर देना शुरू किया। सीपीआर मिलने के कारण कुछ ही देर में अमित को होश आ गया। इससे उनकी जान बच गई। उन्हें काफी चोटें भी आई थीं। सतीश कुमारी ने तुरंत पीसीआर की मदद से घायल अमित को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा। अमित ने भी उनकी मदद कर जान बचाने के लिए सतीश कुमारी का आभार जताया। पुलिस के सीनियर अधिकारी ने बाइक सवार की जान बचाने पर सतीश की सराहना की।
सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) एक ऐसी तकनीक है जिसका उपयोग तब किया जाता है जब किसी व्यक्ति का दिल धड़कना बंद हो जाता है या वह सांस लेना बंद कर देता है। यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण कौशल है जो किसी की जान बचा सकता है।




