पिथौरागढ़ और बागेश्वर की ऊंची चोटियों पर होगी बर्फबारी, उत्तराखंड मौसम पर बड़ा अपडेट

मंगलवार को उत्तराखंड में पहाड़ों पर हुआ हिमपात

देहरादून/एजेंसी। उत्तराखंड की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी से आसपास के क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है। देहरादून सहित मैदानी क्षेत्रों में सूरज की तपिश कम होने से ठंडक महसूस की जा रही है। उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक आंशिक बादल छा रहे हैं। खास करके ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी ने सूरज की तपिश को कम कर दिया है।
देहरादून का अधिकतम तापमान भी अक्टूबर में पहली बार 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और हिमपात होने के आसार हैं, जबकि निचले इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। पारे में भी एक डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है। देहरादून में मंगलवार को सुबह से ही धूप और बादलों की आंख मिचोली चलती रही। दोपहर के समय धूप खिली, लेकिन तपिश कम हो गई।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी बादल छाए रहे। कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई तो कहीं ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। जिसके बाद ठंडी हवाएं चलने से निचले इलाकों में भी ठिठुरन महसूस की जाने लगी।
उत्तराखंड में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेशभर में सुबह और शाम के समय ठंड होने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के निर्देशक विक्रम सिंह के अनुसार आज प्रदेशभर के पर्वतीय क्षेत्र में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि चोटियों पर हिमपात होने के भी आसार हैं।
देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और मध्यम हवाएं चलेंगी। अभी कुछ दिनों में पारे में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। मंगलवार को उत्तरकाशी जिले में आंधी तूफान के साथ बारिश हुई। यमुनोत्री धाम में सीजन की पहली बर्फबारी भी हुई है। बारिश के बाद आसपास की चोटी में हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button