फतेहपुर में साइबर क्राइम पुलिस ने एक साइबर गैंग का किया भंडाफोड़

अकाउंट हैक कर सात साल में बन गए 'करोड़पति', खरीदी लग्जरी कारें

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। साइबर क्राइम पुलिस ने फतेहपुर में एक साइबर गैंग का भंडाफोड़ किया है। इस गैंग के सरगना अमित शर्मा और उसके साथी हरीश सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों ने पिछले सात सालों में विभिन्न बैंकों के करीब 50 खातों को हैक कर डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की है। पुलिस ने इनके पास से कई फर्जी दस्तावेज चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
जेल में निरुद्ध महिला मित्र व साथी से मिलाई करने आने के दौरान साइबर क्राइम पुलिस के हत्थे चढ़े साइबर गैंग के सरगना अमित शर्मा ने अपने साथियों के साथ बीते सात वर्षों में विभिन्न बैंकों के करीब 50 खातों को हैक कर डेढ़ करोड़ रुपये हड़पे थे। जिसकी छानबीन में पुलिस जुटी हुई है। मंगलवार को सरगना व उसके साथी को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। सरगना की बिना नंबर की स्कार्पियो पुलिस ने सीज कर दी है।
सोमवार को कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर औंग थाना गेट के समीप से साइबर क्राइम पुलिस के हत्थे चढ़े गौतमबुद्धनगर जिले के दादरी थाने के नोएडा नयादरगंज में रहने वाले सरगना अमित शर्मा उर्फ विक्रांत प्रधान व दादरी थाने के ही शाहपुर खुर्द में रहने वाले इसके साथी हरीश सिंह ने पूछताछ में कई राज बताए। सरगना के पास से 5510 रुपये, एंड्रायड मोबाइल, दो कीपैड फोन, आईफोन, एसबीआइ ग्लोबल कार्ड, एचडीएफसी डेबिट कार्ड, प्रीपेड कार्ड, एसबीआइ वित्तीय समावेश कार्ड, केनरा बैंक का रुपे कार्ड, फर्जी आधारकार्ड, पैनकार्ड, एसबीआइ व बैंक आफ बड़ौदा की दो ब्लैंक चेकें व गरिमा सिंह का पीएनबी रुपे कार्ड मिला। हरीश के पास से 930 रुपये, एंड्रायड मोबाइल, फर्जी आधारकार्ड मिला। औंग एसओ सुरेश कुमार ने बताया कि स्कार्पियो को सीज कर दिया गया है।

सरगना के साथी हरीश सिंह ने पूछताछ में बताया कि जेल में निरुद्ध एएसआइ की पुत्री गरिमा सिंह से मिलाई के लिए उसने अपने दोस्त अभिषेक निवासी नई दिल्ली की आइडी लगा दी थी और अभिषेक बनकर सोमवार को मिलाई के लिए जाना था इसके लिए अभिषेक नाम से जेल पोर्टल पर आनलाइन आवेदन भी कर दिया था लेकिन पकड़ा गया। वह इस समय बीफार्मा कर रहा है और एक मेडिकल स्टोर में बैठता है।
महिला मित्र से मिलाई करने जाते समय पकड़े गए सरगना अमित शर्मा व इसके गैंग ने सीनियर सिटीजन समेत 50 बैंक खातों को हैक कर डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है, जो वर्ष 2017 से साइबर ठगी कर रहा है। जिसके पास से लक्ष्मण सिंह व गोपाल कुमार के खाते की दो ब्लैंक चेकें भी मिली हैं। सरगना व इसके साथी को जेल भेजा गया है। जिनके खाते एक दूसरे से लिंक है। शीघ्र ही इसके विरुद्ध कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button