उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी ऑफिस के पास लूट का विरोध करने पर हत्या

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कल रात नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली डीसीपी के ऑफिस के पास एक शख्स की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम मनोज कुमार (48) था। वह अपनी बाइक के पास लहूलुहान हालत में पड़े मिले। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है, साथ ही सीलमपुर थाने में हत्या का केस दर्ज कर छानबीन भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, कल रात 11:23 बजे सीलमपुर पुलिस को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से चाकू लगने के बाद शख्स की मौत हो जाने की सूचना मिली थी। पुलिस हॉस्पिटल पहुंची, तो पता चला घायल अवस्था में मनोज कुमार को अस्पताल लाया गया था। मगर उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके सीने पर दायीं तरफ चाकू घोंपा गया था। वह अपनी बाइक के पास डीसीपी ऑफिस से चंद कदमों की दूरी पर लहूलुहान हालत में पड़े मिले थे। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मनोज शाहदरा के चंद्रलोक के रहने वाले हैं। वह कश्मीरी गेट मार्केट में स्पेयर पार्ट्स सप्लाई करने का काम करते थे। कल रात वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान रास्ते में उनका मर्डर हो गया।
पुलिस सूत्र का कहना है कि शुरुआती जांच के बाद लग रहा है लूट के लिए या लूटपाट का विरोध करने पर हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली है। जिसकी मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button