सलमान खान के घर फायरिंग के आरोपी ने पुलिस हिरासत में की आत्महत्या

मुंबई/एजेंसी। सलमान खान के घर फायरिंग मामले के एक आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस हिरासत में ही आत्महत्या कर ली। सलमान खान से जुड़े इस हाईप्रोफाइल मामले के आरोपी के साथ हुई इस घटना ने हिरासत में सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वैसे, देश भर में हिरासत में इस तरह की मौत, हत्या या आत्महत्या के मामले बड़े सवाल खड़े करते रहे हैं।
बहरहाल, ताज़ा मामला मुंबई के बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना से जुड़ा है। मुंबई पुलिस ने सागर पाल, सोनू बिश्नोई, विक्की गुप्ता और अनुज थापन को गिरफ्तार किया। सागर पाल और विक्की गुप्ता कथित तौर पर उस मोटरसाइकिल पर थे जिससे गोलियां चलाई गई थीं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मुंबई पुलिस मुख्यालय में लॉक-अप में बंद अनुज थापन को जीटी अस्पताल ले जाया गया जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। अनुज को पिछले हफ्ते मुंबई क्राइम ब्रांच ने पंजाब से गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप है कि वह उन दो आरोपियों के लिए हथियार खरीदने में शामिल था जिन्होंने 14 अप्रैल को सलमान खान के घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग की थी। रिपोर्ट के अनुसार एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हिरासत में बुधवार को यह घटना सुबह करीब 11 बजे पुलिस लॉक-अप के बाथरूम में हुई।
अख़बार ने एक पुलिस सूत्र के हवाले से रिपोर्ट दी है कि मामले के दो अन्य आरोपियों को बयान दर्ज करने के लिए ले जाया गया था और अनुज किन्हीं दूसरे मामलों के 10 अन्य आरोपियों के साथ एक सेल में था। रिपोर्ट के अनुसार सुबह करीब 11 बजे वह कथित तौर पर बाथरूम गया जहां उसने आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी तक आत्महत्या की वजह साफ़ नहीं हो पाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button