इसरो के पूर्व प्रमुख डॉ. सिवन आईआईटी इंदौर के संचालक मंडल के बने अध्यक्ष

इंदौर,(मध्य प्रदेश)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख डॉ. के. सिवन को तीन साल के लिए इंदौर के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के संचालक मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आईआईटी इंदौर की ओर से बृहस्पतिवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। विज्ञप्ति में बताया गया कि सिवन ने आईआईटी इंदौर के संचालक मंडल के अध्यक्ष के रूप में प्रोफेसर दीपक बी. फाटक का स्थान लिया है। फाटक का कार्यकाल 21 अगस्त को खत्म हुआ था। आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रो. सुहास जोशी ने कहा,“संस्थान के संचालक मंडल के अध्यक्ष के रूप में डॉ. सिवन को पाकर हम बहुत खुश और उत्साहित हैं।
उन्हें आईआईटी इंदौर के परिवार में शामिल किए जाने का इससे बेहतर समय नहीं हो सकता था, जब भारत ने चंद्रयान-3 की कामयाबी के रूप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।’’उन्होंने कहा,‘‘मुझे विश्वास है कि आईआईटी इंदौर को डॉ. सिवन के मार्गदर्शन में अंतरिक्ष इंजीनियरिंग के अनछुए क्षेत्रों में काम करते हुए देश के अंतरिक्ष अभियान में योगदान का मौका मिलेगा। जोशी ने उम्मीद जताई कि सिवन के नेतृत्व में आईआईटी इंदौर इसरो के साथ शिक्षा और अनुसंधान के अलग-अलग क्षेत्रों में पहले से अधिक सहभागिता कर सकेगा।
उन्होंने बताया कि आईआईटी इंदौर ने इस अकादमिक सत्र से 10 नये शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू किए हैं। जोशी ने बताया कि इनमें अंतरिक्ष विज्ञान और इंजीनियरिंग में बी.टेक. की उपाधि का कार्यक्रम शामिल है और देश में केवल आईआईटी इंदौर अपनी तरह के इस इकलौते पाठ्यक्रम की पेशकश कर रहा है। आईआईटी निदेशक के मुताबिक कुल 20 सीटों वाले इस पाठ्यक्रम में चार स्थान छात्राओं के लिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button