फैक्टरी की लिफ्ट में फंसकर 15 साल के किशोर की मौत, शव के उड़े परखच्चे

नई दिल्ली। दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में कूलर बनाने की एक फैक्टरी की लिफ्ट में फंसकर 15 साल के किशोर की मौत हो गई। किशोर का शरीर क्षत विक्षत हो गया। किशोर के परिवार वालों का कहना है कि मृतक फैक्टरी में काम करता था। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस लापरवाही से हुई मौत और श्रम कानून के तहत मामला दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी है। मृत किशोर की पहचान आलोक के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ मेट्रो विहार इलाके में रहता था। परिवार में उसके माता-पिता के अलावा चार बहनें हैं। उसके पिता रमेश कुमार गुरुग्राम स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं। जबकि उसकी मां नरेला औद्योगिक क्षेत्र के एल ब्लॉक में स्थित कूलर का फ्रेम बनाने की फैक्टरी में काम करती है। रविवार करीब तीन बजे पुलिस को किशोर के लिफ्ट में फंसने की जानकारी मिली। पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही फैक्टरी पर पहुंची। फैक्टरी दो मंजिल की है। इसमें सामान ले जाने और नीचे लाने के लिए लिफ्ट लगा हुआ है। पुलिस ने लिफ्ट से किशोर के शव को बाहर निकाला। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आस पास के फैक्टरी करने वाले काफी मजदूर वहां जमा हो गए।
छानबीन में पता चला कि घटना के समय किशोर अपनी मां के साथ दूसरी मंजिल पर था। वह लिफ्ट के पास कोई काम कर रहा था। इसी दौरान किसी ने नीचे से लिफ्ट को चालू कर दिया। जिससे वह लिफ्ट में फंस गया और उसके शरीर के कई टूकड़े हो गए। लोगों ने बताया कि किशोर का सिर भी कटकर अलग हो गए थे। फैक्टरी मालिक ने पुलिस को बताया कि किशोर उसकी फैक्टरी में काम नहीं करता था। वह अपनी मां के साथ आया था। वहीं किशोर की मां का कहना है कि वह दो फरवरी से फैक्टरी में काम कर रहा था। फैक्टरी के फोरमैन नौशाद ने उसे बेटे को काम पर लगाने की बात कही थी और कहा था कि उसे छोटा मोटा काम देगा। मां का आरोप है कि उसे लिफ्ट को ऑपरेट करने का काम दिया गया था। पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। किशोर लिफ्ट में कैसे फंसा इसको लेकर उसकी मां से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button