छठी पास शख्स ने 80 लाख में बेच दी थी करोड़ों की सरकारी जमीन

नई दिल्ली। महज छठी पास शख्स ने करोड़ों की सरकारी जमीन फर्जी कागजात बनवाकर 80 लाख रुपये में बेच दी। इसका खुलासा होने पर आरोपी फरार हो गया। अदालत ने इसे भगोड़ा करार दे दिया। पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार का इनाम घोषित कर दिया। क्राइम ब्रांच ने आरोपी मोहम्मद इस्राइल (35) को राजस्थान के बागरू इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। इसने 2016 में फर्जी दस्तावेज बनवाकर दिल्ली सिविल डिफेंस में जॉब हासिल कर ली थी। पोल खुली तो सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया, जिस मामले में वो जमानत पर था।
स्पेशल सीपी (क्राइम) रवींद्र ‌यादव ने बताया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्वरूप नगर इलाके में 300 गज का एक सरकारी प्लॉट 2021 में संतोष त्रिपाठी को बेच दिया। फर्जीवाड़े में इसके रिश्तेदार महबूब और हारून भी थे। फर्जीवाड़े का पता चलने पर ‌स्वरूप नगर थाने में एफआईआर दर्ज हुई तो इस्राइल फरार हो गया। वो लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा। क्राइम ब्रांच को इसकी लोकेशन राजस्थान के बागरू की मिली, जहां टीम भेज कर इसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी वहां फर्नीचर का कारोबार कर रहा था।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो दिल्ली के बुराड़ी स्थित जगतपुर का रहने वाला है। वो 2009 में स्वरूप नगर शिफ्ट हो गया और प्रॉपर्टी डीलर के पास काम करने लगा। यहां से प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने और दस्तावेज बनाने के गुर सीख लिए। आरोपी ने 2014 में रिश्तेदार हारून और महबूब के साथ काम शुरू किया, जो नहीं चला। अलीगढ़ से फर्जी डिग्री बनवाकर सिविल डिफेंस में जॉब लगवा ली। अगले साल राज खुला तो केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया, जो जमानत पर आ गया। 2021 में सरकारी जमीन 80 लाख में बेच दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button